कब्जे हटाने में गरीबों पर बुलडोजर, भूमाफियाओं पर मेहरबानी: पंकज डावर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई की मांग, बेघरों के पुनर्वास का भी उठाया मुद्दा

गुरुग्राम। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने शहर में अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि गरीबों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है, जबकि अवैध कॉलोनियां काटने वाले भूमाफियाओं के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।

उन्होंने कहा कि ओल्ड जेल कॉम्पलेक्स से बेघर लोगों को हटाने के दौरान उनके साथ बदसलूकी की गई, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन ने पुलिस और जेसीबी की मदद से खुले आसमान के नीचे रह रहे गरीबों को जबरन हटा दिया, लेकिन उन लोगों पर कार्रवाई नहीं की जा रही जिन्होंने प्रशासन और सरकार की आंखों में धूल झोंककर अवैध कॉलोनियां विकसित कर ली हैं।

पंकज डावर ने कहा कि ओल्ड जेल कॉम्पलेक्स में रहने वाले अधिकांश लोग मजदूर और दिहाड़ी पर काम करने वाले हैं, जिनके पास रहने के लिए कोई स्थायी ठिकाना नहीं है। ऐसे लोगों को उजाड़कर प्रशासन अपनी उपलब्धियां गिना रहा है, जबकि शहर में धड़ल्ले से अवैध प्लॉटिंग और कॉलोनियों का विस्तार जारी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों की मिलीभगत के बिना अवैध कॉलोनियों का विकास संभव नहीं है। प्रशासन का पूरा ध्यान गरीबों को हटाने पर केंद्रित है, जबकि बड़े भूमाफियाओं और अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ कार्रवाई के मामले में नरमी बरती जा रही है।

कांग्रेस नेता ने मांग की कि गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) और जिला प्रशासन अवैध कॉलोनियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर भूमाफियाओं पर सख्त कार्रवाई करे। साथ ही ओल्ड जेल कॉम्पलेक्स से हटाए गए बेघर लोगों के पुनर्वास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द ही अवैध कॉलोनियों और भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस आंदोलन करने को मजबूर होगी। इस मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस जल्द ही उपायुक्त को ज्ञापन सौंपेगी।

पंकज डावर ने कहा कि कानून सबके लिए समान होना चाहिए। यदि गरीबों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है तो अवैध कॉलोनियां काटने वाले बिल्डरों और भूमाफियाओं के खिलाफ भी समान कठोरता दिखाई जानी चाहिए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!