चरमराती अर्थव्यवस्था का बोझ किसान, मजदूर, महिलाएं और गरीब क्यों उठाएं? : राव नरेंद्र सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सरकार अपनी आर्थिक विफलताओं का बोझ जनता पर डाल रही है : राव नरेंद्र सिंह

रसोई से खेत तक महंगाई की मार, सरकार जवाब दे : राव नरेंद्र सिंह

चंडीगढ़, 10 जून 2026। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बढ़ती महंगाई, रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि और उज्ज्वला योजना के लाभों में कथित कटौती को लेकर केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का सबसे अधिक असर गरीब, किसान, मजदूर, महिलाएं और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है, जबकि आर्थिक संकट के लिए ये वर्ग जिम्मेदार नहीं हैं।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में अपनाई गई आर्थिक नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर किया है। लगातार बढ़ती महंगाई के कारण आम परिवारों के लिए घरेलू बजट संभालना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में रसोई गैस की कीमतों में हुई बढ़ोतरी ने विशेष रूप से महिलाओं की रसोई और घरेलू अर्थव्यवस्था पर अतिरिक्त बोझ डाला है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े प्रचार-प्रसार के साथ शुरू की गई उज्ज्वला योजना के लाभ समय के साथ कम होते गए हैं। उनके अनुसार पहले लाभार्थियों को वर्ष में 12 सिलेंडर उपलब्ध कराने की बात कही गई थी, जिसे बाद में घटाकर नौ और अब चार सिलेंडरों तक सीमित कर दिया गया है। उन्होंने इसे गरीब परिवारों के साथ अन्याय बताया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों और सब्सिडी में कमी के कारण लाखों गरीब परिवार दोबारा लकड़ी, कोयला और अन्य पारंपरिक ईंधनों का उपयोग करने को मजबूर हो रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदूरों और निम्न आय वर्ग द्वारा उपयोग किए जाने वाले छोटे गैस सिलेंडरों की कीमतों में हुई वृद्धि ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। महंगाई, बेरोजगारी और आय की अनिश्चितता से जूझ रहे मजदूर वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना संवेदनहीनता को दर्शाता है।

राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपनी आर्थिक विफलताओं की कीमत आम जनता से वसूल रही है। उन्होंने कहा कि किसान खेती की बढ़ती लागत से परेशान है, मजदूर रोजगार और आय की अनिश्चितता से जूझ रहा है, महिलाएं घरेलू खर्चों के दबाव में हैं और मध्यम वर्ग लगातार बढ़ती महंगाई के कारण आर्थिक संकट का सामना कर रहा है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “जब आर्थिक नीतियों की विफलताओं के लिए आम जनता जिम्मेदार नहीं है, तो फिर चरमराती अर्थव्यवस्था की कीमत किसान, गरीब, मजदूर, महिलाएं और मध्यम वर्ग क्यों चुकाएं?”

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने केंद्र सरकार से महंगाई पर तत्काल नियंत्रण करने, रसोई गैस की कीमतों में राहत देने तथा गरीब, मजदूर और मध्यम वर्ग के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!