
चंडीगढ़/पंचकूला, 9 जून। हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मुख्यमंत्री के नाम भेजे गए त्यागपत्र में उन्होंने अपने लगभग साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा है कि उन्होंने आयोग की अध्यक्ष के रूप में पूरी निष्ठा और ईमानदारी से दायित्वों का निर्वहन किया।
मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र में रेणु भाटिया ने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा है कि उन्हें महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए कार्य करने का अवसर मिला, जिसके लिए वह सरकार की आभारी हैं।
त्यागपत्र में उन्होंने कहा है कि भविष्य में यदि उन्हें किसी अन्य दायित्व का अवसर दिया जाता है तो वह उसे भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगी। पत्र के अंत में उन्होंने वर्तमान पद से अपना इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया है।
रेणु भाटिया का यह इस्तीफा ऐसे समय में सामने आया है जब हाल के दिनों में हरियाणा राज्य महिला आयोग की कार्यशैली को लेकर विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों द्वारा सवाल उठाए जा रहे थे। हालांकि त्यागपत्र में इस्तीफे के पीछे किसी विशेष कारण का उल्लेख नहीं किया गया है।
महिला आयोग की अध्यक्ष के रूप में रेणु भाटिया का कार्यकाल करीब साढ़े चार वर्ष का रहा। इस दौरान आयोग ने महिलाओं से जुड़े विभिन्न मामलों में हस्तक्षेप किया और कई जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए। अब उनके इस्तीफे के बाद आयोग के नए अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा त्यागपत्र पर निर्णय लिए जाने के बाद आगे की औपचारिक घोषणा की जाएगी।







