कचरा मुक्त मानेसर बनाने के लिए निगम बना रहा रणनीति
विशेष स्वच्छता टीम बनाई जाएगी

9 जून, मानेसर। नगर निगम मानेसर शहर को कचरा मुक्त बनाने के लिए नई रणनीति बना रहा है। निगम क्षेत्र के बाजारों और मंडियों की सफाई रात को होगी। घरों से कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों के समय में भी जरूरत अनुसार बदलाव किया जाएगा। विशेष स्वच्छता टीमें बनाई जाएगी।
नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने मंगलवार को निगम क्षेत्र को कचरा मुक्त बनाने की दिशा में निगम अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कचरा मुक्त बनाने के लिए नई रणनीति पर विचार किया गया। आयुक्त ने कहा कि निगम के जिन क्षेत्रों में सब्जी मंडी या बाजार लगते हैं, वहां पर निगम की विशेष टीम रात में बाजार खत्म होने के बाद रात में सफाई करेगी। रात में सफाई होने पर वह स्थान पूरे दिन साफ रहेगा। इतना ही नहीं वार्डों में पार्षदों से कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों के समय में बदलाव के बारे में राय शुमारी की जाएगी। पार्षदों की ओर से कई बार इस बारे में सुझाव दिए जा चुके है। आयुक्त ने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके अधिकार क्षेत्र की सभी सड़कों, जीवी प्वाइंट्स, एंटी स्मोक गन, पानी के छिड़काव के टैंकरों आदि सभी की निगरानी रखनी होगी, इनकी समय सारणी के अनुसार यह सुनिश्चित करें कि गाड़ियां अपने रूट पर बिना किसी देरी के रोजाना वहां पर पहुंच रही है।
आयुक्त प्रदीप सिंह ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छता के काम में कोताही बरतने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सभी को मिलकर मानेसर को स्वच्छ व हरा-भरा बनाने में योगदान करना होगा। स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। यह रोजाना, लगातार होने की प्रक्रिया है। एक दिन भी यदि सफाई के काम में लापरवाही बरती गई तो अगले दिन उस काम को करने में दोगुनी मेहनत व संसाधन लगेंगे।







