अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. जयवीर यादव ने जोन-3 के स्वच्छता निरीक्षकों के साथ की समीक्षा बैठक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वार्डों की शिकायतों के त्वरित समाधान, स्वच्छता अभियान में तेजी और अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

गुरुग्राम, 29 मई। नगर निगम गुरुग्राम के अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. जयवीर यादव ने जोन-3 क्षेत्र के स्वच्छता निरीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर स्वच्छता व्यवस्था, शिकायत निवारण एवं प्रवर्तन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान डॉ. जयवीर यादव ने सभी एसएसआई, एसआई व एएसआई को निर्देश दिए कि उनके जिम्मे वाले वार्डों में प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों का त्वरित एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

राजीव चौक से सोहना चौक तक प्रतिदिन चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

अतिरिक्त निगमायुक्त ने राजीव चौक से सोहना चौक तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण मार्ग पर सफाई व्यवस्था को सर्वोच्च स्तर पर बनाए रखा जाए तथा सड़क किनारे कूड़ा, मलबा एवं अन्य अपशिष्ट नहीं दिखाई देना चाहिए।

एमजी रोड से अतिक्रमण और कूड़ा हटाने के निर्देश

बैठक में एमजी रोड पर बढ़ते अतिक्रमण और स्वच्छता संबंधी मुद्दों पर भी चर्चा की गई। डॉ. जयवीर यादव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एमजी रोड से अतिक्रमण हटाने के लिए नियमित अभियान चलाया जाए तथा क्षेत्र को कूड़ा मुक्त बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण और गंदगी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

चालान कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश

स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए अतिरिक्त निगमायुक्त ने क्षेत्र में चालान की संख्या बढ़ाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खुले में कूड़ा फेंकने, निर्माण सामग्री सड़क पर डालने, गंदगी फैलाने और अन्य नियम उल्लंघनों पर प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

एएसआई के कार्यों की होगी मौके पर जांच

बैठक में सभी एएसआई के कार्य प्रदर्शन की समीक्षा की गई। डॉ. जयवीर यादव ने कहा कि वे स्वयं विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर स्वच्छता व्यवस्था और अधिकारियों के कार्यों का सत्यापन करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि फील्ड में कार्यों की गुणवत्ता, शिकायत निवारण और स्वच्छता व्यवस्था के आधार पर अधिकारियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्वच्छता, अतिक्रमण नियंत्रण और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि गुरुग्राम को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!