शहरी और औद्योगिक क्षेत्रों में 23 घंटे से अधिक सप्लाई दर्ज
गुरुग्राम, 28 मई 2026 । हरियाणा सरकार के विशेष ऊर्जा सचिव एवं उत्तर तथा दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगमों के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि डीएचबीवीएन द्वारा 27 मई 2026 को अधिकांश जिलों में शहरी और औद्योगिक उपभोक्ताओं को लगभग निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराई गई।
उन्होंने बताया कि बिजली आपूर्ति रिपोर्ट के अनुसार गुरुग्राम-2, हिसार तथा सिरसा सर्कलों में शहरी क्षेत्रों को लगभग 24 घंटे बिजली आपूर्ति दी गई। वहीं औद्योगिक क्षेत्रों में भी अधिकांश सर्कलों में 23 घंटे 35 मिनट से अधिक सप्लाई दर्ज की गई, जिससे उद्योगों की गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित होती रहीं।
प्रबंध निदेशक ने बताया कि गुरुग्राम-1 एवं गुरुग्राम-2 सर्कलों में शहरी क्षेत्रों को क्रमशः 23:41 घंटे और 23:55 घंटे बिजली आपूर्ति मिली, जबकि औद्योगिक क्षेत्रों में भी 23:51 घंटे और 23:50 घंटे सप्लाई दर्ज की गई।
ग्रामीण घरेलू क्षेत्रों में निर्धारित 16 घंटे और 24 घंटे श्रेणी के अनुसार बिजली आपूर्ति की गई। पलवल, भिवानी, हिसार, फतेहाबाद एवं जींद सर्कलों में ग्रामीण क्षेत्रों में 15 घंटे से अधिक सप्लाई दर्ज हुई।
कृषि उपभोक्ताओं के लिए एपी श्रेणी के फीडरों पर भी निर्धारित समय के अनुसार बिजली उपलब्ध कराई गई। कई क्षेत्रों में पीएटी स्थापित कृषि फीडरों पर 15 से 17 घंटे तक बिजली आपूर्ति दर्ज की गई, जिससे सिंचाई कार्य प्रभावित नहीं हुए।
उन्होंने बताया कि बढ़ती गर्मी और बिजली मांग के बावजूद आपूर्ति व्यवस्था को संतुलित बनाए रखने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।









