अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर पंजाबी बिरादरी महासंगठन की अहम बैठक संपन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आशीर्वाद गार्डन में जुटेगा 1500 साधकों का महाकुंभ

गुरुग्राम, 28 मई। आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 को भव्य एवं अनुशासित रूप से आयोजित करने के उद्देश्य से पंजाबी बिरादरी महासंगठन की कोर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक वीरवार को न्यू कॉलोनी स्थित ओम स्वीट्स में संगठन के अध्यक्ष श्री बोधराज सीकरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ सभी उपस्थित सदस्यों द्वारा तीन बार गायत्री मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ किया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 21 जून 2026 (रविवार) को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य आयोजन आशीर्वाद गार्डन (ज्योति पार्क, गीता भवन, न्यू कॉलोनी, गुरुग्राम के पीछे) में प्रातः 6:00 बजे से 7:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के प्रांत संघ चालक श्री प्रताप सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में गुरुग्राम की महापौर श्रीमती राज रानी मल्होत्रा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

अध्यक्ष श्री बोधराज सीकरी ने बताया कि कार्यक्रम में लगभग 1000 से 1500 योग साधकों के शामिल होने की संभावना है। महासंगठन की ओर से सभी प्रतिभागियों को विशेष टी-शर्ट भेंट की जाएगी। योग सत्र के दौरान अनुशासन एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिला एवं पुरुष साधकों के लिए अलग-अलग बैठने और योगाभ्यास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में यह भी तय किया गया कि योग अभ्यास का संचालन ‘अथ सनातन योग स्थली’ के संस्थापक डॉ. परमेश्वर अरोड़ा एवं जी.ए.वी. इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-7 एक्सटेंशन में संचालित योग कक्षाओं के योगाचार्य श्री राजपाल आहूजा के मार्गदर्शन में कराया जाएगा।

योग सत्र के समापन के बाद सभी उपस्थित साधकों के लिए पोहा, केले एवं जलपान की विशेष व्यवस्था की जाएगी। सामाजिक सरोकार को ध्यान में रखते हुए ‘नीलकंठ पाठशाला’ के 50 बच्चे भी कार्यक्रम में शामिल होकर योगाभ्यास करेंगे। उल्लेखनीय है कि इस पाठशाला का संपूर्ण संचालन एवं खर्च श्री बोधराज सीकरी के परिवार द्वारा वहन किया जाता है।

बैठक में ओम प्रकाश कथूरिया, प्रमोद सलूजा, डॉ. परमेश्वर अरोड़ा, रामलाल ग्रोवर, गजेंद्र गोसाई, किशोरी लाल डुडेजा, युधिष्ठिर अलमादी, रमेश कामरा, अनिल कुमार, रवि मिनोचा, हेमंत मोंगिया, रमेश कुमार, सुभाष नागपाल, राकेश गोसाई, दीपक चुटानी, विनोद वर्मा, संजय तनेजा एवं श्रीमती शालू वर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने “कल्याण मंत्र” का सामूहिक जाप कर विश्व कल्याण की कामना की तथा आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का संकल्प लिया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!