चंडीगढ़, 27 मई, 2026 – हरियाणा प्रदेश कांग्रेस द्वारा मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) के संबंध में गठित कार्रवाई एवं निगरानी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेशभर में मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा संगठन स्तर पर व्यापक रणनीति तैयार की गई।

बैठक में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस के सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल एवं प्रफुल्ल गुडधे सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए यह अत्यंत आवश्यक है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही तरीके से दर्ज हो तथा किसी भी मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से सूची से हटने न पाए।
बैठक में प्रदेशभर में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की गई और जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय की गईं। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करेगा। साथ ही यह भी कहा गया कि मतदाता सूची में किसी प्रकार की गड़बड़ी, लापरवाही या अनियमितता को लेकर पार्टी पूरी सतर्कता बनाए रखेगी।
इस अवसर पर विधायक भारत भूषण बत्रा, अशोक अरोड़ा, आफताब अहमद एवं चंद्र प्रकाश, पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा, पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल एवं डॉ. एम. एल. रंगा, धर्मवीर गोयत, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी विनय यादव, एडवोकेट बिजेंद्र रंगा, एडवोकेट रणधीर सिंह राणा, मोहन ढिल्लों, स्वेता ढुल तथा श्री सुरेंद्र शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया।
इसके अतिरिक्त, समस्त जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों एवं सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों के बीएलए-1 (BLA) का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के नेशनल कनेक्ट सेंटर के वाइस चेयरमैन कैप्टन अरविंद तथा
उनकी टीम ने बूथ स्तर पर मतदाता सूची के रखरखाव, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के रिकॉर्ड अपडेट करने तथा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षकों ने बीएलए-1 कार्यकर्ताओं को यह भी बताया कि किस प्रकार घर-घर संपर्क कर वास्तविक मतदाता स्थिति का सत्यापन किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान अधिकार से वंचित न रहे। प्रशिक्षण शिविर में तकनीकी पहलुओं, दस्तावेजी प्रक्रिया एवं निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन को भी विस्तार से समझाया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला होती है और इसकी शुद्धता एवं पारदर्शिता बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों और लोकतांत्रिक संस्थाओं की सामूहिक जिम्मेदारी है। पार्टी ने भरोसा जताया कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाते हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ की गई। नेताओं ने पंडित नेहरू के लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती और देश निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प भी लिया।







