शंकर लाल धोपरा की तत्काल प्रभाव से नियुक्ति, शिक्षा विभाग ने जारी किए आदेश

चंडीगढ़/पंचकूला, 26 मई। हरियाणा सरकार ने शंकर लाल धोपरा को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी का नया चेयरमैन नियुक्त किया है। इस संबंध में हरियाणा शिक्षा विभाग द्वारा मंगलवार को आदेश जारी कर दिए गए। नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
जारी आदेश के अनुसार, हरियाणा के राज्यपाल की ओर से शंकर लाल धोपरा को बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन हरियाणा, भिवानी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की शर्तें एवं नियम मुख्य सचिव कार्यालय के राजनीतिक एवं संसदीय कार्य विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार लागू होंगे।
यह आदेश हरियाणा सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया, आईएएस द्वारा जारी किए गए हैं। आदेश की प्रतियां मुख्य सचिव, सभी प्रशासनिक सचिवों तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई हैं।
गौरतलब है कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड राज्य में माध्यमिक और वरिष्ठ माध्यमिक परीक्षाओं का संचालन करने वाली प्रमुख संस्था है।








