तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं को रोजगार दिलाना सरकार की मुख्य प्राथमिकता, प्रदेशभर में लगेंगे बड़े रोजगार मेले- शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंचकूला में शिक्षा मंत्री ने तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक

सत्र 2025-26 में तकनीकी संस्थानों में बढ़ा छात्रों का रुझान

चंडीगढ़, 25 मई- हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार मुहैया करवाना है और इसके लिए सरकार पूरी गंभीरता व प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश भर में अधिक से अधिक रोजगार मेले (जॉब फेयर) आयोजित किए जाएं, ताकि युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार तुरंत काम मिल सके।

शिक्षा मंत्री आज पंचकूला स्थित हरियाणा राज्य तकनीकी शिक्षा बोर्ड के कार्यालय में बहु-तकनीकी (पॉलिटेक्निक) शिक्षा के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

संस्थानों में बुनियादी ढांचा और उपकरण दुरुस्त करने के आदेश

बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने विद्यार्थियों की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी राजकीय संस्थानों, सोसाइटी संस्थानों व इंजीनियरिंग कॉलेजों में हॉस्टल, सुलभ शौचालयों और पीने के पानी की व्यवस्था को और ज्यादा बेहतर व आधुनिक बनाया जाए। उन्होंने कहा कि कॉलेजों की प्रयोगशालाओं में अत्याधुनिक उपकरणों का प्रबंध तुरंत किया जाए ताकि छात्र व्यावहारिक ज्ञान अच्छी तरह हासिल कर सकें। बुनियादी ढांचे और तकनीकी संसाधनों में किसी भी स्तर पर कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

तकनीकी शिक्षा की बढ़ी विश्वसनीयता, दाखिलों में हुआ भारी इजाफा

बैठक में अधिकारियों ने मंत्री को अवगत कराया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में हरियाणा के तकनीकी शिक्षण संस्थानों के प्रति छात्रों का रुझान अभूतपूर्व रूप से बढ़ा है। डिप्लोमा फार्मेसी, बी.ई. और बी.टेक जैसे तकनीकी कोर्सों में दाखिलों की संख्या में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसी तरह, राजकीय संस्थानों और राज्य विश्वविद्यालय के विभागों में भी प्रवेश का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। शिक्षा मंत्री ने इस पर खुशी जताते हुए कहा कि यह बढ़ोतरी राज्य की तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता और विश्वसनीयता के प्रति जनता के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।

प्लेसमेंट के आंकड़ों ने दिखाई नई राह, डेटा हुआ अपडेट

बैठक में जानकारी दी गई कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान विभिन्न राजकीय बहुतकनीकी संस्थानों में बड़े स्तर पर जॉब मेले और प्लेसमेंट ड्राइव चलाए गए। इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं, जिसके तहत 4,650 विद्यार्थियों का सीधे कैंपस प्लेसमेंट हुआ है, जबकि 1,142 युवाओं को रोजगार मेलों के माध्यम से प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरियां मिली हैं।

इसके अलावा, प्रशासनिक पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए मॉडल ऑनलाइन स्थानांतरण अभियान (एमओटीपी) के तहत कंप्यूटर इंजीनियरिंग में लेक्चरर व प्रोग्रामर, इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में लेक्चरर और सिविल इंजीनियरिंग में लेक्चरर सहित कुल 9 अलग-अलग कैडरों का डेटा पूरी तरह अपडेट कर दिया गया है। शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को भविष्य में भी इसी पारदर्शिता और गति के साथ काम करने के निर्देश दिए।

बैठक में उच्चतर शिक्षा के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री एके सिंह, तकनीकी शिक्षा विभाग के महानिदेशक श्री प्रभजोत सिंह व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!