एसडीएम हितेंद्र कुमार ने सोमवार को समाधान शिविर में सुनी 4 शिकायतें

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आमजन से समस्या के बारे में संवाद कर उसका निवारण करना ही समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य : एसडीएम

उपमंडल स्तर पर एसडीएम की अध्यक्षता में आयोजित समाधान शिविरों में किया जा रहा शिकायतों का निवारण

गुरुग्राम, 25 मई। आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर लोगों के लिए राहत का प्रभावी माध्यम बनते जा रहे हैं। डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन एवं दिशानिर्देशन में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।

इसी कड़ी में सोमवार को गुरुग्राम में आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम हितेंद्र कुमार ने आमजन की 4 शिकायतों की सुनवाई की तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखीं, जिनमें राजस्व, नगर निकाय, बिजली, जल निकासी एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी शिकायतें शामिल रहीं।

एसडीएम हितेंद्र कुमार ने कहा कि समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार न्याय के साथ समावेशी विकास एवं सुशासन के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। सरकार की नीतियों, योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से लोगों की शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी निवारण सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से अध्ययन कर उसका समयबद्ध समाधान किया जाए, ताकि आमजन का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।

लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा उपमंडल स्तर पर भी समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। संबंधित एसडीएम की अध्यक्षता में प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक आमजन की समस्याओं की सुनवाई कर उनका समाधान किया जाता है। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहते हैं, जिससे मौके पर ही शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को गति मिलती है। एसडीएम ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए समाधान शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!