भाजपा परिवारवाद नहीं, बल्कि विचारवाद के आधार पर चलने वाली पार्टी है: मोहन लाल बड़ौली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*भाजपा का उद्देश्य राष्ट्र चेतना को जागृत करना और समाज के हर वर्ग को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है: मोहन लाल बड़ौली*

*भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने अंबाला में जिला प्रशिक्षण वर्ग के दौरान दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया*

चंडीगढ़, 24 मई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने अंबाला में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत आयोजित जिला प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन सत्र का शुभारंभ दीप प्रज्वलित करके किया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास, विकास और वैचारिक मूल्यों से अवगत कराया गया। इस दौरान वरिष्ठ नेताओं और वक्ताओं ने राष्ट्र के समक्ष चुनौतियाँ, चुनाव प्रबंधन, वैचारिक अधिष्ठान, केंद्र सरकार की गरीब कल्याण योजनाएँ, सोशल मीडिया और आईटी मीडिया की भूमिका जैसे विषयों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने भाजपा के इतिहास और विकास विषय पर बोलते हुए कहा कि भाजपा परिवारवाद नहीं, बल्कि विचारवाद के आधार पर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि राष्ट्र चेतना को जागृत करना और समाज के हर वर्ग को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक मोदी और नायब सैनी सरकार की योजनाओं का लाभ पहुँचाना भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि जिस प्रकार व्यक्ति अपने परिवार की पहचान जानता है, उसी प्रकार प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने दल के इतिहास की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनसंघ से शुरू हुई यात्रा आज भारतीय जनता पार्टी को विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक संस्था के रूप में स्थापित कर चुकी है। संघर्ष, समर्पण और विचारधारा की शक्ति के बल पर भाजपा ने राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखते हुए जनसेवा का मार्ग प्रशस्त किया है।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने तुष्टिकरण की राजनीति अपनाई, जिसके कारण देश लंबे समय तक गरीबी और भ्रष्टाचार से जूझता रहा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोने के उद्देश्य से हुई और बाद में देशहित में राजनीतिक विकल्प देने के लिए जनसंघ का गठन किया गया।

श्री बड़ौली ने कहा कि 6 अप्रैल 1980 में भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई और दो सांसदों वाली पार्टी आज 300 से अधिक सांसदों वाली सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बन चुकी है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनसंघ के समय से ही “एक विधान, एक निशान और एक प्रधान” की मांग उठाई गई थी तथा डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कश्मीर में धारा 370 का लगातार विरोध किया और उन्होंने शहादत दी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में धारा 370 को समाप्त कर देश को एकता के सूत्र में मजबूत किया। साथ ही अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर निर्माण और तीन तलाक समाप्त करने जैसे ऐतिहासिक निर्णय भी लिए गए।

मोहन लाल बड़ौली ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को याद करते हुए कहा कि दोनों महान नेताओं ने राष्ट्रवाद और एकात्म मानववाद की विचारधारा को मजबूत करने का कार्य किया। बड़ौली ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस गौरवशाली इतिहास का वाहक है और राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य करना ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!