एसडब्ल्यूएम पोर्टल पर आरएफआईडी और जीपीएस रिपोर्ट के आधार पर ही होगा एजेंसी का भुगतान : आयुक्त प्रदीप सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

समन्वय बैठक में पार्षदों की मांग पर जांच कमेटी गठित, दो सप्ताह में पेश होगी विस्तृत रिपोर्ट

मानेसर, 22 मई। नगर निगम मानेसर के आयुक्त प्रदीप सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को निगम क्षेत्र में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाली एजेंसी तथा पार्षदों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्पष्ट किया गया कि एजेंसी को भुगतान केवल एसडब्ल्यूएम पोर्टल पर उपलब्ध आरएफआईडी और जीपीएस रिपोर्ट के सत्यापन के आधार पर ही किया जाएगा।

आयुक्त प्रदीप सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित आरएफपी नियमों के अनुसार एजेंसी के संसाधनों तथा पोर्टल पर अपलोड रिपोर्ट के आधार पर ही भुगतान प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि एसडब्ल्यूएम पोर्टल को इस प्रकार डिजाइन किया गया है कि कोई भी व्यक्ति व्यक्तिगत स्तर पर आंकड़ों में बदलाव नहीं कर सकता। इसके बावजूद सदन की मांग को ध्यान में रखते हुए एजेंसी के संसाधनों और पोर्टल पर अपलोड रिपोर्ट की विस्तृत जांच करवाई जाएगी।

उन्होंने जानकारी दी कि नगर निगम मानेसर क्षेत्र में कुल 1 लाख 10 हजार 545 घरों से एजेंसी द्वारा कूड़ा उठाया जाना है। प्रत्येक घर के बाहर लगाए गए आरएफआईडी टैग को स्कैन करना अनिवार्य होगा। साथ ही जीपीएस रिपोर्ट और टैग रिपोर्ट का मिलान भी किया जाएगा। यदि दोनों रिपोर्टों में विसंगति पाई जाती है तो नियमों के अनुसार एजेंसी पर जुर्माना लगाया जाएगा।

आयुक्त ने यह भी बताया कि कूड़ा उठाने वाली एजेंसी रविवार को अपने संसाधनों की दोबारा जांच करवाएगी। इस दौरान मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर सहित सभी पार्षद मौके पर पहुंचकर निरीक्षण कर सकेंगे।

बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि सभी वार्ड पार्षदों की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की जाएगी, जो अपने-अपने वार्डों में स्वच्छता, अतिक्रमण और अवैध विज्ञापनों से संबंधित समस्याओं की निगरानी करेगी तथा निगम प्रशासन को अवगत करवाएगी।

गौरतलब है कि मेयर डाॅ इंद्रजीत कौर यादव द्वारा डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाली एजेंसी के संसाधनों को लेकर आपत्ति दर्ज करवाए जाने के बाद आयुक्त की अध्यक्षता में यह समन्वय बैठक बुलाई गई थी।

बैठक में मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव, सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन यादव, डिप्टी मेयर रीमा चौहान, संयुक्त आयुक्त लोकेश यादव, पुनीत कुमार, उप-निगम आयुक्त अपूर्व चौधरी, एक्सईएन सुशील ठाकरान, निगम अधिकारी, सभी वार्ड पार्षद तथा कूड़ा उठाने वाली एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!