समाधान शिविर की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*एसडीएम हितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक, पोर्टल पर तुरंत अपडेट करने के निर्देश*

*शिकायतों का समयबद्ध और स्थायी समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी*

गुरुग्राम, 22 मई- एसडीएम हितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में समाधान शिविरों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाधान शिविरों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर तय समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

इससे पहले परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं वरिष्ठ आईएएस डॉ. राज शेखर वुंडरु ने चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी डीसी के साथ बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में समाधान शिविरों से संबंधित मामलों की प्रगति, लंबित शिकायतों तथा विभागवार कार्यों की समीक्षा की गई।

एसडीएम हितेंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर की गई कार्रवाई को संबंधित पोर्टल पर तुरंत अपडेट किया जाए, ताकि आमजन को उनकी शिकायत की स्थिति की सही जानकारी मिलती रहे और किसी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश न रहे। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाने के साथ-साथ गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि लोगों को वास्तविक राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि समाधान शिविर आमजन और प्रशासन के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं, जिससे नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि शिकायतों के समाधान में केवल औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि समस्याओं के मूल कारणों की पहचान कर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

एसडीएम ने कहा कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निवारण केवल प्रशासनिक दायित्व ही नहीं, बल्कि नैतिक जिम्मेदारी भी है। अधिकारी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ प्रत्येक शिकायत पर कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि लोगों का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। उन्होंने अधिकारियों से समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करने और लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने को भी कहा।

बैठक में सीटीएम ज्योति नागपाल डीआरओ विजय यादव, डीडीपीओ नवनीत कौर, मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर प्रियंका, डिप्टी डीईओ दीप्ति बोकन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!