नगर निगम गुरुग्राम की मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट ने सेक्टर-15 स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को किया जागरूक

गुरुग्राम, 22 मई। नगर निगम गुरुग्राम की मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट (एमएसयू) द्वारा सेक्टर-15 पार्ट-1 स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय में वेक्टर जनित रोगों एवं हीट वेव (लू) से बचाव विषय पर एक जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य सुरक्षा, स्वच्छता तथा रोगों की रोकथाम संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करना था।
यह कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य धर्मबीर के मार्गदर्शन एवं सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें 100 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों के साथ संवाद करते हुए स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

कार्यक्रम में माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. दिनकर कुमार तथा सहायक जनस्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. यशस्वी ने डेंगू, मलेरिया एवं चिकनगुनिया जैसे वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बढ़ती गर्मी और हीट वेव के दौरान स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों पर भी प्रकाश डाला।
विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बताया कि वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जलभराव को रोकने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने तथा नियमित सफाई रखने की सलाह दी। इसके अतिरिक्त हीट वेव से बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने, दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचने तथा हल्के रंग के आरामदायक कपड़े पहनने की सलाह दी गई।
जागरूकता कार्यक्रम के सफल आयोजन में एमएसयू टीम से कम्युनिकेशन स्पेशलिस्ट कनिका थपलियाल, ट्रेनिंग मैनेजर उमंग गुप्ता तथा हिमानी वर्मा ने सक्रिय भूमिका निभाई। टीम द्वारा विद्यार्थियों को सरल एवं प्रभावी तरीके से स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम के अंत में एक संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने परिवारों एवं समुदायों में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम स्वस्थ, सुरक्षित एवं स्वच्छ गुरुग्राम के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा आमजन को रोगों की रोकथाम के प्रति सजग बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं।









