जनगणना 2027 को लेकर गुरुग्राम मेयर राजरानी मल्होत्रा की नागरिकों से अपील

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पार्षदों, आरडब्ल्यूए एवं सामाजिक संगठनों से सहयोग करने का किया आह्वान

गुरुग्राम, 20 मई। गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा ने आगामी जनगणना 2027 को सफल बनाने के लिए शहर के सभी नागरिकों, निगम पार्षदों, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों से सक्रिय सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश और शहर के भविष्य की विकास योजनाओं की मजबूत आधारशिला है।

मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, स्वच्छता, परिवहन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित योजनाएं तैयार की जाती हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बनती है कि वह जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करे।

उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि जब भी जनगणना कर्मचारी जानकारी एकत्र करने के लिए उनके पास आएं, तो उन्हें सही, स्पष्ट एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि सही आंकड़े ही बेहतर नीतियों और योजनाओं का आधार बनते हैं, जिससे शहर और देश के विकास को गति मिलती है।

मेयर ने गुरुग्राम के सभी निगम पार्षदों एवं आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाएं और लोगों को जनगणना के महत्व के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आरडब्ल्यूए की भागीदारी से जनगणना कार्य को और अधिक प्रभावी एवं सुचारू बनाया जा सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय दायित्व है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। यह न केवल वर्तमान आवश्यकताओं को समझने में मदद करती है, बल्कि भविष्य की जरूरतों और विकास योजनाओं को निर्धारित करने में भी अहम भूमिका निभाती है।

मेयर राजरानी मल्होत्रा ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए जनगणना 2027 को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें, ताकि गुरुग्राम और देश के समग्र विकास की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाए जा सकें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!