*जिले के 4756 में से 3427 ब्लॉकों में शुरू हुआ गणना कार्य*
*कई क्षेत्रों में 90 प्रतिशत से अधिक कार्य, वजीराबाद में हुआ 100 प्रतिशत कार्य*
*डीसी उत्तम सिंह ने की आरडब्ल्यूए और आमजन से जनगणना कार्य में सहयोग की अपील*
गुरुग्राम, 15 मई- डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि जिले में जनगणना का कार्य पूरी जिम्मेदारी और सुव्यवस्थित ढंग से लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। सभी चार्ज अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से फील्ड में पहुंचकर मकान सूचीकरण कार्य का निरीक्षण किया जा रहा है। अधिकारी विभिन्न क्षेत्रों में प्रगणकों से संवाद कर सर्वे कार्य की जानकारी ले रहे हैं और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे रहे हैं। साथ ही कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि जनगणना का कार्य तय समय सीमा के भीतर प्रभावी तरीके से पूरा किया जा सके।
डीसी ने जिले की विभिन्न आरडब्ल्यूए और नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे जनगणना कार्य में प्रशासन का सहयोग करें और प्रगणकों को सही जानकारी उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि यह कार्य देश की योजनाओं और विकास से सीधे जुड़ा हुआ है, इसलिए सभी नागरिकों की भागीदारी जरूरी है।
साथ ही उन्होंने बताया कि जिले के कुल 4756 ब्लॉकों में से 3427 ब्लॉकों में कार्य शुरू हो चुका है और जिले की कुल प्रगति 72 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
जनगणना प्रगति रिपोर्ट के अनुसार गुरुग्राम जोन-1 में 73 प्रतिशत, गुरुग्राम जोन-2 में 48 प्रतिशत, गुरुग्राम जोन-3 में 58 प्रतिशत और गुरुग्राम जोन-4 में 75 प्रतिशत कार्य शुरू हो चुका है। मानेसर नगर निगम क्षेत्र में 87 प्रतिशत कार्य शुरू हो चुका है।
सोहना तहसील में 94 प्रतिशत और सोहना एमसीआई में 77 प्रतिशत कार्य शुरू हो चुका है। पटौदी तहसील में 99 प्रतिशत तथा पटौदी मंडी एमसीआई में भी 99 प्रतिशत कार्य शुरू हो चुका है। मानेसर तहसील में 99 प्रतिशत और वजीराबाद तहसील में 100 प्रतिशत कार्य शुरू होने के साथ यह क्षेत्र सबसे आगे हैं।
इसके अलावा फरुखनगर तहसील में 91 प्रतिशत और फरुखनगर एमसी में 96 प्रतिशत कार्य शुरू हो चुका है। कई क्षेत्रों में कार्य पूरा होने की स्थिति में पहुंच चुका है और बाकी ब्लॉकों में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने प्रगणकों को निर्देश दिए कि जहां कार्य शुरू नहीं हुआ है वहां तुरंत कार्य प्रारंभ किया जाए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी








