नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त एवं प्रधान जनगणना अधिकारी प्रदीप दहिया ने समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, कार्य में तेजी लाने पर जोर
गुरुग्राम, 15 मई। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त एवं प्रधान जनगणना अधिकारी प्रदीप दहिया ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में आयोजित बैठक में जनगणना कार्य की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जनगणना कार्य की प्रगति, फील्ड स्तर पर चल रहे सर्वेक्षण, कर्मचारियों की उपस्थिति तथा कार्य की गति को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान श्री दहिया ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन कर्मचारियों ने अब तक जनगणना कार्य शुरू नहीं किया है या कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऐसे कर्मचारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और इसमें किसी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रधान जनगणना अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना कार्य में और अधिक तेजी लाई जाए ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके। उन्होंने सभी फील्ड कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
श्री दहिया ने संयुक्त आयुक्तों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करें तथा फील्ड में जाकर जनगणना कार्य की वास्तविक स्थिति का जायजा लें। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान कार्य की गुणवत्ता, कर्मचारियों की उपस्थिति तथा नागरिकों से संवाद पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि या देरी को समय रहते दूर किया जा सके।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जनगणना कार्य से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की योजनाओं एवं विकास कार्यों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं, इसलिए इस कार्य को पूरी पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न किया जाना चाहिए।
बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी, पूजा चांवरिया व डॉ जयवीर यादव, संयुक्त आयुक्त डॉ नरेश कुमार व रविन्द्र मलिक, जेडटीओ पंकज कुमार, राजेश यादव, बीएस छोकर व दिनेश कुमार सहित जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।








