यूडीएफ की जीत पर विद्रोही की बधाई, कांग्रेस को आत्ममंथन की सलाह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

केरल में जीत पर दी शुभकामनाएं, असम-पुडुचेरी में हार को बताया चिंताजनक; संगठन व रणनीति में बदलाव पर जोर

चंडीगढ़/रेवाडी, 05 मई 2026 – स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने केरल में कांग्रेस नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन को मिली शानदार जीत पर कांग्रेस नेतृत्व, यूडीएफ के नेताओं और कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने आशा जताई कि यूडीएफ सरकार चुनाव के दौरान किए गए सभी वादों को ईमानदारी से पूरा करेगी और जनभावनाओं के अनुरूप शासन चलाएगी।

विद्रोही ने तमिलनाडु में थलपति विजय और उनकी नई पार्टी टीवीके को मिली सफलता पर भी बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे मुख्यमंत्री के रूप में जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे। इसके साथ ही उन्होंने बंगाल और असम में भाजपा को मिली जीत पर भी शुभकामनाएं दीं।

हालांकि, विद्रोही ने असम और पुडुचेरी में कांग्रेस की हार को गंभीर बताते हुए पार्टी नेतृत्व को आत्मविश्लेषण की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह समझना होगा कि इन राज्यों में बार-बार असफलता के पीछे क्या कारण हैं और अपनी रणनीति व कार्यप्रणाली की कमजोरियों को दूर करना होगा।

उन्होंने कहा कि बंगाल और तमिलनाडु में कांग्रेस को अपने पैरों पर खड़ा होने के लिए स्पष्ट और दूरगामी रणनीति बनानी होगी। बंगाल में पार्टी के पास अवसर होने के बावजूद पांच वर्षों तक स्पष्ट दिशा तय नहीं कर पाना चिंताजनक रहा है।

असम के संदर्भ में विद्रोही ने कहा कि कांग्रेस ने पिछली हार से कोई सबक नहीं लिया और उसी नेतृत्व को जिम्मेदारी सौंपी, जिसके कार्यकाल में पार्टी लगातार चुनाव हारती रही। उन्होंने इसे रणनीतिक कमजोरी बताया।

विद्रोही ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सबसे बड़ी समस्या यह है कि पार्टी मेहनती और प्रतिबद्ध कार्यकर्ताओं की बजाय चापलूस और दरबारी प्रवृत्ति के लोगों को आगे बढ़ाती है, जिससे संगठन कमजोर होता है और विरोधियों को फायदा मिलता है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि कांग्रेस को भविष्य में बेहतर परिणाम चाहिए, तो उसे अपनी संगठनात्मक संरचना, नेतृत्व चयन और रणनीति में व्यापक बदलाव करने होंगे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!