चंडीगढ़, 4 मई। सिरसा की सांसद, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, सीडब्ल्यूसी सदस्य एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कुमारी सैलजा ने केरल में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की ऐतिहासिक विजय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विजयी उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यूडीएफ के उम्मीदवारों ने अथक परिश्रम, जनसंपर्क और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए जनता का विश्वास अर्जित किया है। यह जीत जनता की आकांक्षाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों की विजय है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने जमीनी मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया, जिसे केरल की जागरूक जनता ने स्वीकार किया। उन्होंने केरल की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने प्रगतिशील सोच, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों के पक्ष में अपना समर्थन देकर एक सकारात्मक संदेश दिया है।
कुमारी सैलजा ने राज्य नेतृत्व और समर्पित कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों, संगठनात्मक मजबूती और निरंतर जनसेवा के कारण यह ऐतिहासिक परिणाम संभव हो पाया है। सांसद ने आशा व्यक्त की कि नई सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता देगी।








