जनसभाओं के जरिए मांगा समर्थन, बोले—विकास और पारदर्शिता के लिए कांग्रेस को चुनें

चंडीगढ़/रेवाड़ी, 4 मई 2026 – हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने रेवाड़ी में चल रहे नगर निकाय चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने चेयरमैन पद की उम्मीदवार निहारिका चौधरी सहित पार्षद पद के उम्मीदवारों के पक्ष में कई जनसभाएं कीं और मतदाताओं से कांग्रेस को समर्थन देने की अपील की।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि रेवाड़ी की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस पार्टी विकास, पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों के साथ चुनाव मैदान में उतरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा व्यवस्था में स्थानीय समस्याओं की अनदेखी हुई है, जिससे आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

उन्होंने कांग्रेस शासनकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि रेवाड़ी में अभूतपूर्व विकास हुआ। इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी और सैनिक स्कूल जैसी महत्वपूर्ण संस्थाएं कांग्रेस सरकार के दौरान स्थापित की गईं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा विकास और सामाजिक उत्थान की विचारधारा पर काम करती रही है।
राव नरेंद्र सिंह ने विश्वास जताया कि कांग्रेस प्रत्याशी जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे और रेवाड़ी के विकास को नई दिशा देंगे। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे कांग्रेस उम्मीदवारों को समर्थन देकर शहर के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करें।
इस मौके पर पूर्व विधायक एवं एआईसीसी सचिव चिरंजीव राव, पूर्व मंत्री एम एल रंगा, जिला अध्यक्ष प्रवीण चौधरी, सुभाष छावड़ी, प्रदीप गुलिया, सुशील धानक, सतबीर झुकिया, पार्षद प्रत्याशी रेखा दहिया सहित अनेक कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे उत्साह के साथ चुनाव प्रचार में भाग लिया।








