खांडसा मंडी में सिंगल-यूज़ प्लास्टिक पर सख्त कार्रवाई, 200 किलो प्रतिबंधित सामान जब्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एमसीजी और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का संयुक्त अभियान, उल्लंघन करने वालों के मौके पर चालान

गुरुग्राम, 4 मई- प्लास्टिक मुक्त शहर के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, गुरुग्राम नॉर्थ की टीमों ने खांडसा मंडी में संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के अवैध उपयोग और वितरण पर सख्त कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान टीमों ने करीब 200 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की और नियमों का उल्लंघन करने वाले कई दुकानदारों के मौके पर ही चालान किए।

आरओ नॉर्थ आकांक्षा तंवर ने बताया कि खांडसा मंडी में चलाए गए इस संयुक्त अभियान का उद्देश्य सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के अवैध उपयोग पर रोक लगाना है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया गया और नियम तोड़ने वालों पर मौके पर ही चालान किए गए। साथ ही लोगों को जागरूक भी किया गया, ताकि वे पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाएं।

जागरूकता अभियान के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश
एसडीओ आशीष ने बताया कि इस अभियान के तहत दुकानदारों, विक्रेताओं और आम नागरिकों को सिंगल-यूज़ प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से समझाया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे और आम जनता के सहयोग से ही प्लास्टिक पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!