गुरुग्राम में सफाई कर्मचारियों के लिए तीन दिवसीय विशाल स्वास्थ्य जाँच शिविर संपन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

3,757 सफाई कर्मियों व सीवरमैन ने करवाई स्वास्थ्य जाँच, आयोग की टीम ने जमीनी स्तर पर की मॉनिटरिंग

गुरुग्राम, 30 अप्रैल। हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग द्वारा जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से गुरुग्राम में आयोजित जिला स्तरीय तीन दिवसीय विशेष स्वास्थ्य जाँच शिविर का सफलतापूर्वक समापन हो गया। 28 अप्रैल से शुरू हुए इस शिविर में जिले के विभिन्न विभागों, नगर निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों सफाई कर्मचारियों और सीवरमैन ने अपने स्वास्थ्य की जाँच करवाई।

शिविर के अंतिम दिन आयोग की टीम ने विभिन्न स्वास्थ्य जाँच केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टीम ने जमीनी स्तर पर मॉनिटरिंग करते हुए यह सुनिश्चित किया कि प्रत्येक सफाई कर्मचारी को उचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों। इस दौरान कर्मचारियों द्वारा बताई गई तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं को मौके पर ही स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर दूर करवाया गया।

शिविर के दौरान सफाई कर्मचारियों और सीवरमैनों के लिए कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जाँचें की गईं। इनमें सामान्य शारीरिक परीक्षण, रक्तचाप और मधुमेह की जाँच, फेफड़ों और श्वास संबंधी परीक्षण, त्वचा रोगों की जाँच तथा आंखों की जांच एवं परामर्श शामिल रहे।

तीन दिनों में कुल 3,757 लाभार्थियों ने इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया। इनमें एमसीजी के 2400, नगर परिषद सोहना के 181, नगर पालिका पटौदी के 121, नगर पालिका फरुखनगर के 59, नगर निगम मानेसर के 250, ग्रामीण क्षेत्रों के 350, सीवरमैन के 308 तथा अन्य विभागों के 88 कर्मचारी शामिल रहे।

आयोग के कॉर्डिनेटर ने बताया कि सफाई कर्मचारी समाज की रीढ़ हैं और वे विषम परिस्थितियों में कार्य करते हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए ऐसे शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि समय रहते बीमारियों की पहचान कर उनका उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

सफाई कर्मचारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए बताया कि विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 20 वर्षों में पहली बार उनके स्वास्थ्य के प्रति इस प्रकार गंभीरता दिखाई गई है। उन्होंने उत्साहपूर्वक शिविर में भाग लेकर अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई और इस पहल को अत्यंत सराहनीय बताया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!