“स्वस्थ वृद्ध, सशक्त समाज” की दिशा में आयुष विभाग की पहल, वृद्धजनों ने उत्साह से लिया भाग

गुरुग्राम, 23 अप्रैल। जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी एवं जिला योग कोऑर्डिनेटर डॉ. विकास यादव के कुशल मार्गदर्शन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में 75 दिन पूर्व प्रारंभ किए गए विशेष अभियान के अंतर्गत आयुष विभाग, गुरुग्राम द्वारा गुरुग्राम गांव स्थित वृद्ध आश्रम में एक व्यापक एवं प्रभावी योग शिविर का सफल आयोजन किया गया।
यह पहल “स्वस्थ वृद्ध, सशक्त समाज” की अवधारणा को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसका मुख्य उद्देश्य वृद्धजनों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना है।

इस अवसर पर योग विशेषज्ञ डॉ. भूदेव तथा योग सहायक जोगिंदर द्वारा उपस्थित वृद्धजनों को सरल एवं प्रभावी योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं सूक्ष्म व्यायाम का अभ्यास करवाया गया। डॉ. भूदेव ने विशेष रूप से ऐसे योग अभ्यासों पर बल दिया, जो वृद्धावस्था में होने वाली सामान्य समस्याओं—जैसे जोड़ों का दर्द, श्वास संबंधी समस्याएं, अनिद्रा, तनाव एवं उच्च रक्तचाप—में अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं।
उन्होंने प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास के वैज्ञानिक एवं आयुष आधारित लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक समग्र जीवनशैली है, जो व्यक्ति को मानसिक शांति, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती है।
शिविर में उपस्थित सभी वृद्धजनों ने उत्साह एवं सक्रियता के साथ भाग लिया और योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को नियमित रूप से योग करने के लिए प्रेरित किया गया।
यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य संवर्धन की दिशा में एक सराहनीय प्रयास सिद्ध हुआ, बल्कि समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं “योगमय जीवनशैली” को प्रोत्साहित करने का एक प्रभावी माध्यम भी बना।








