न्यूनतम वेतन में अचानक वृद्धि पर उद्योग जगत की चिंता, चरणबद्ध लागू करने की मांग — चिया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उद्योगों पर बढ़ेगा वित्तीय दबाव, रोजगार और प्रतिस्पर्धा पर पड़ सकता है असर

गुरुग्राम, 21 अप्रैल। कन्फेडरेशन ऑफ हरियाणा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (CHIA) ने राज्य में न्यूनतम वेतन में हाल ही में की गई अचानक और भारी वृद्धि पर गंभीर चिंता जताई है। संगठन ने इस निर्णय पर पुनर्विचार करते हुए इसे चरणबद्ध तरीके से लागू करने की मांग उठाई है।

इस संबंध में चिया का एक प्रतिनिधिमंडल संरक्षक अशोक कोहली और प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (पीएफटीआई) के चेयरमैन एवं चिया के संयोजक दीपक मैनी के नेतृत्व में जिला उपायुक्त उत्तम कुमार से उनके कार्यालय में मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हरियाणा के नाम ज्ञापन सौंपकर वेतन वृद्धि के निर्णय को संतुलित रूप से लागू करने का आग्रह किया।

ज्ञापन में कहा गया कि ₹4,000 की एकमुश्त वृद्धि से उद्योगों पर प्रति कर्मचारी ₹6,000–₹7,000 तक का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ रहा है, जिससे मौजूदा आर्थिक परिस्थितियों में उद्योगों के लिए इसे वहन करना कठिन हो गया है।

दीपक मैनी ने कहा कि उद्योग पहले ही कोविड-19 महामारी और वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों से प्रभावित हैं, ऐसे में वेतन में अचानक वृद्धि ने वित्तीय दबाव और बढ़ा दिया है। वहीं, अशोक कोहली ने स्पष्ट किया कि चिया श्रमिकों के हितों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का समर्थन करता है, लेकिन इस वृद्धि का समय और परिमाण विशेषकर लघु एवं निर्यात-उन्मुख इकाइयों—जैसे परिधान उद्योग—के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है।

सीआईआई से जुड़े सदस्य विनोद बापना ने बताया कि उद्योग पहले से ही कई लागत दबावों का सामना कर रहे हैं, जिनमें बिजली दरों में वृद्धि, ईएसआई व पीएफ अंशदान, अनुपालन लागत और पर्यावरणीय व नियामकीय खर्च शामिल हैं। ऐसे में वेतन वृद्धि का अतिरिक्त बोझ उद्योगों के लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है।

सोहना मेवात इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष आरपी खटाना ने कहा कि इस तरह की अचानक वृद्धि न तो व्यावहारिक है और न ही न्यायसंगत। इससे उद्योगों की स्थिरता, रोजगार सृजन और प्रतिस्पर्धात्मकता पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में कर्नल राज सिंगला, डॉ. एस.पी. अग्रवाल (वाइस चेयरमैन, पीएफटीआई), किशन कपूर (अध्यक्ष, हरियाणा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन), श्रीपाल शर्मा (अध्यक्ष, कादीपुर इंडस्ट्रीज वेलफेयर एसोसिएशन), अश्वनी शर्मा (महासचिव, चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज, उद्योग विहार) सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!