आठवें वेतन आयोग के लाभ से वंचित किए जाने पर भड़का आक्रोश, पुरानी पेंशन बहाली समेत 12 सूत्रीय मांगों को लेकर उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

गुरुग्राम, 21 अप्रैल 2026। रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा जिला गुरुग्राम के बैनर तले आज उपायुक्त कार्यालय के समक्ष सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। यह धरना अखिल भारतीय राज्य सरकार रिटायर्ड कर्मचारी फेडरेशन के आह्वान पर आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला प्रधान कंवर लाल यादव ने की, जबकि मंच संचालन रामेश्वर यादव ने किया।
धरने को संबोधित करते हुए राज्य ऑडिटर धर्मपाल यादव और जोगेंद्र सिंह करौंथा ने बताया कि यह आंदोलन पूरे देश में एक साथ किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा संसद में वित्त विधेयक पारित कर पुराने पेंशनर्स को आठवें वेतन आयोग के लाभ से वंचित किया गया है, जिससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।
पूर्व राज्य महासचिव राजेंद्र अहलावत ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा निर्देश जारी होने के बावजूद रिटायर्ड कर्मचारियों को कैशलेस इलाज की सुविधा नहीं मिल रही है। सीटू के जिला प्रधान सुरेश नोहरा ने केंद्र सरकार को मजदूर विरोधी बताते हुए कहा कि चार श्रम संहिताओं के माध्यम से श्रमिकों के अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है।
धरने के बाद कर्मचारियों ने उपायुक्त के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपा, जिसमें प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं—

- पेंशन विधेयक 2025 को तुरंत वापस लिया जाए
- आठवें वेतन आयोग के सभी लाभ पूर्व की भांति दिए जाएं
- कम्यूटेशन की राशि की कटौती 11 वर्ष तक सीमित की जाए
- कोरोना काल के 18 माह के महंगाई भत्ते का एरियर ब्याज सहित दिया जाए
- 65 वर्ष पर 10% और 75 वर्ष पर 20% पेंशन वृद्धि लागू हो
- सभी सरकारी व पैनल अस्पतालों में मुफ्त इलाज और ₹3000 मासिक मेडिकल भत्ता दिया जाए
- रेलवे व हवाई यात्रा में पूर्व की तरह छूट बहाल की जाए
- न्यायालय के लाभकारी निर्णय सभी पेंशनर्स पर लागू हों
- चारों श्रम संहिताएं वापस ली जाएं
- रिक्त पदों पर स्थायी नियुक्तियां हों और निजीकरण पर रोक लगे
- पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाए
इसके अलावा मजदूर संगठनों की मांगों पर बातचीत कर समाधान निकालने और गिरफ्तार मजदूरों को बिना शर्त रिहा करने की भी मांग उठाई गई।
धरने को गुरुग्राम ब्लॉक प्रधान विक्रम सिंह यादव, फरुखनगर के प्रधान भीम सिंह, सोहना के हिम्मत खान, पटौदी के सचिव ताराचंद, सर्व कर्मचारी संघ व नगरपालिका कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों सहित सीटू, जनवादी महिला समिति, आंगनवाड़ी वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।








