मेयर के निर्देश पर कई प्रमुख क्षेत्रों को कराया गया अतिक्रमण मुक्त, यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर

गुरुग्राम, 20 अप्रैल। शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और यातायात के लिए सुगम बनाने के उद्देश्य से गुरुग्राम नगर निगम द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा के दिशा-निर्देशानुसार संचालित किया गया।
अभियान के दौरान एसडीओ यतेन्द्र एवं जेई जसविंदर के नेतृत्व में निगम की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे बनी अवैध झुग्गियों और अतिक्रमण को हटाया। इस कार्रवाई के तहत शहर के कई प्रमुख स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। टीम ने बस स्टैंड के आसपास, सदर बाजार स्थित फुवारा चौक व गौशाला के सामने का क्षेत्र अतिक्रमण मुक्त किया।
अभियान के दौरान वार्ड-27 के स्थानीय पार्षद आशीष गुप्ता भी मौके पर मौजूद रहे और कार्रवाई का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि शहर को व्यवस्थित और साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग दें। इस अभियान से न केवल यातायात व्यवस्था सुचारू होगी, बल्कि शहर की समग्र छवि भी बेहतर होगी।









