महापौर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पार्षदों की व्यापक भागीदारी, अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर
गुरुग्राम, 20 अप्रैल। नगर निगम गुरुग्राम के सदन की विशेष बैठक सोमवार को सेक्टर-34 स्थित निगम कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर श्रीमती राजरानी मल्होत्रा ने की, जबकि निगम आयुक्त प्रदीप दहिया एवं निगम सचिव सिद्धार्थ खंडेलवाल की उपस्थिति भी रही। बैठक में 36 वार्डों के पार्षदों सहित मनोनीत सदस्यों की उपस्थिति दर्ज की गई, जो नगर निगम की कार्यवाही में व्यापक सहभागिता को दर्शाती है। सभी उपस्थित सदस्यों ने शहर के विकास एवं सामाजिक मुद्दों पर अपनी सहमति और सक्रियता दिखाई।
बैठक का मुख्य एजेंडा ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के प्रचार-प्रसार से संबंधित था। इस विषय पर विस्तृत चर्चा के बाद नगर निगम सदन ने इस अभियान को पूर्ण समर्थन देने का निर्णय लिया। सदस्यों ने सर्वसम्मति से यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि अधिनियम से जुड़ी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे और महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा मिले।
बैठक के दौरान पार्षदों ने सुझाव दिया कि जागरूकता अभियान को वार्ड स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, ताकि हर नागरिक तक इसकी जानकारी पहुंचे। इसके साथ ही सामाजिक संगठनों और स्थानीय प्रतिनिधियों को भी इस अभियान में शामिल करने पर बल दिया गया।
बैठक के अंत में महापौर ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया और कहा कि नगर निगम गुरुग्राम सामाजिक सरोकारों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।








