दमनात्मक कार्रवाई पर जताया विरोध, मांगें पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी

गुड़गांव, 18 अप्रैल 2026: – ऑल इंडिया यूनाइटेड ट्रेड यूनियन सेंटर (एआईयूटीयूसी) की जिला कमेटी गुरुग्राम के नेतृत्व में शनिवार को मजदूरों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर जिला उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया गया और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन उपायुक्त के माध्यम से भेजा गया, जिसे उनकी अनुपस्थिति में नायब तहसीलदार सुरेंद्र भारद्वाज ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व एआईयूटीयूसी के जिला सचिव कामरेड श्रवण कुमार ने किया। इस दौरान आयोजित धरने को जिला सचिव श्रवण कुमार और जिला अध्यक्ष रामकुमार ने संबोधित करते हुए मजदूरों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
प्रेस को जारी बयान में बताया गया कि 2 अप्रैल से शुरू हुआ मजदूरों का शांतिपूर्ण आंदोलन पूरी तरह जायज मांगों पर आधारित था, लेकिन सरकार और प्रशासन ने समाधान निकालने के बजाय दमनात्मक रवैया अपनाया। 8 अप्रैल को न्यूनतम वेतन में संशोधन की घोषणा के बावजूद 9 अप्रैल से मजदूरों पर पुलिस कार्रवाई तेज कर दी गई, जिसे संगठन ने निंदनीय बताया।
एआईयूटीयूसी ने अपनी मांगों में न्यूनतम वेतन को महंगाई के अनुरूप बढ़ाने, कार्यस्थलों पर मूलभूत सुविधाएं और सुरक्षा सुनिश्चित करने, मजदूरों के साथ अमानवीय व्यवहार पर रोक लगाने, गिरफ्तार श्रमिकों की तुरंत रिहाई, घायल मजदूरों के इलाज व मुआवजे तथा श्रम कानूनों के सख्त पालन की मांग शामिल की है।
इस मौके पर बलवान सिंह, हेमराज, रामकिशन, वजीर सिंह, निरंजन लाल, रामकुमार, विशाल, सुरेश और विकास वर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मजदूरों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया और दमनात्मक कार्रवाइयों पर रोक नहीं लगी, तो आने वाले समय में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।









