मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में एलेंजर्स गली क्रिकेट टूर्नामेंट के सीजन-4 का उद्घाटन किया
हरियाणा ने पिछले साढ़े 11 सालों में खेलों पर खर्च किए 1000 करोड़ रुपये
युवाओं को दिलाई ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ की शपथ

चंडीगढ़, 17 अप्रैल- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अपनी बेहतरीन खेल नीति के चलते आज हरियाणा खेलों का पावर हाउस बन गया है जबकि पड़ोसी राज्य पंजाब नशे की गिरफ्त में है। हरियाणा सरकार ने पिछले साढ़े 11 साल में आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित करने पर 1000 करोड़ रुपये खर्च किए हैं जिसके कारण हमारे खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का सम्मान और तिरंगे झंडे की शान बढ़ाने का काम किया है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने यह बात आज चंडीगढ़ के सेक्टर-16 स्थित खेल स्टेडियम में एलेंजर्स गली क्रिकेट टूर्नामेंट के सीजन-4 के उद्घाटन अवसर पर उपस्थितगण को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने युवाओं को नशे की लत से बचाने और उन्हें खेल से जोड़ने के लिए इस कार्यक्रम की थीम ‘बल्ला घुमाओ-नशा भगाओ’ की सराहना की। मुख्यमंत्री ने स्वयं बल्ला घुमाकर नशे की गेंद को भगाया। उन्होंने युवाओं को नशा मुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाते हुए उनसे नशे की लत से दूर रहने का आह्वान किया।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ओलम्पिक-2036 में भारत को खेल महाशक्ति के रूप में स्थापित करने का माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जो लक्ष्य रखा है उसमें अपनी भूमिका निभाने के लिए हरियाणा ने अपनी तैयारियां अभी से शुरू कर दी है। राज्य में खेल सुविधाओं, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण व नवीन तकनीकों के उपयोग हेतु हरियाणा सरकार ने 2026-27 के बजट में आवश्यक प्रावधान किए हैं।
उन्होंने कहा कि हमारा विजन हर बच्चे को खेलों से जोड़ने, हर गांव में खेल का मैदान बनाने और आधुनिक तकनीकों को खिलाड़ियों तक पहुंचाने का है। हरियाणा में ओलंपिक, पैरालंपिक व अन्य अंतर्राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को 6 करोड़ रुपये तक के नकद इनाम और सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि खिलाड़ियों की उड़ानों को नई पहचान देने और उनका सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने के लिए हमने ‘हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ी सेवा नियम 2021’ लागू किए हैं।इनके तहत खेल विभाग में 550 नए पद सृजित किए गए हैं और 231 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। खेल के दौरान खिलाड़ियों के चोट लगने पर उनके उपचार के लिए ताऊ देवीलाल खेल परिसर, पंचकूला में रिहैबिलिटेशन सेंटर शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के स्कूल और कॉलेजों के जिन विद्यार्थियों ने विभिन्न राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया और पदक जीते उनको छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। वर्ष 2014-15 से अब तक 24 हजार छात्र खिलाड़ियों को 70 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे हार-जीत की भावना से ऊपर उठकर खेल भावना और समर्पण को प्राथमिकता दें। एक खिलाड़ी का मैदान में उतरना, हर रोज कुछ नया सीखना और अपने आप को बेहतर बनाते हुए लक्ष्य के करीब पहुंचना ही सच्ची जीत होती है। उन्होंने कहा कि जब युवा आगे बढ़ता है तभी देश आगे बढ़ता है। जब युवा जीतता है तभी देश जीतता है और जब युवा सही रास्ते पर चलता है तभी देश का भविष्य उज्ज्वल होता है।
इस अवसर पर एलेंजर्स गली क्रिकेट टूर्नामेंट के अध्यक्ष व चंडीगढ़ भाजपा के पूर्व अध्यक्ष संजय टंडन, चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा, जस्टिस राज मोहन, चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी, चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद, चंडीगढ़ पुलिस महानिदेशक डॉ. सागर प्रीत हुड्डा, पुष्पेंद्र व राजीव रंजन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।








