जनगणना 2027 के लिए जन-जन का सहयोग जरूरी-एडीसी सोनू भट्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

30 अप्रैल तक चलेगी स्व-गणना, नागरिक खुद भर सकेंगे अपनी जानकारी

स्व-गणना के लिए आज से खुलेगा ऑनलाइन पोर्टल

गुरुग्राम, 15 अप्रैल – जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। इसके तहत 30 अप्रैल 2026 तक नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन भरने का विकल्प दिया गया है, जिससे जनगणना का कार्य सरल और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जा सके।

इस संबंध में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एडीसी सोनू भट्ट ने बताया कि नागरिक स्व-गणना के लिए आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। वहां मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद लॉगिन किया जा सकेगा और पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी की जा सकती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

ऑनलाइन पोर्टल के जरिए ऐसे पूरी करें स्व-गणना प्रक्रिया

स्व-गणना के लिए सबसे पहले पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपना राज्य चुनें और वेरिफिकेशन कोड भरें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन विकल्प में घर के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करें। एक मोबाइल नंबर से एक ही घर का पंजीकरण होगा।
आगे भाषा विकल्प में 16 भाषाओं में से अपनी भाषा चुनें और ओटीपी वेरिफिकेशन पूरा करें। इसके बाद अपना जिला व शहर का नाम दर्ज करें और मैप पर दिख रहे लाल मार्कर को अपने घर की सटीक लोकेशन पर सेट करें।

इसके बाद सवाल-जवाब का सेक्शन खुलेगा, जिसमें जनगणना मकान की दीवार और छत में प्रयुक्त प्रमुख सामग्री, मकान का उपयोग और उसकी हालत, परिवार क्रमांक, परिवार में रहने वाले व्यक्तियों की कुल संख्या, परिवार के मुखिया का नाम व लिंग तथा सामाजिक वर्ग से संबंधित जानकारी देनी होगी। इसके साथ ही मकान के स्वामित्व की स्थिति, उपलब्ध कमरों की संख्या, विवाहित दंपत्तियों की संख्या, पेयजल का मुख्य स्रोत और उसकी उपलब्धता, प्रकाश का मुख्य स्रोत, शौचालय की सुविधा और उसका प्रकार, गंदे पानी की निकासी तथा स्नानघर की उपलब्धता से जुड़ी जानकारी भी भरनी होगी।

इसके अलावा रसोईघर और एलपीजी या पीएनजी कनेक्शन की उपलब्धता, खाना पकाने के लिए प्रयुक्त ईंधन, रेडियो, टेलीविजन, इंटरनेट सुविधा, लैपटॉप या कंप्यूटर, मोबाइल फोन, साइकिल, स्कूटर, मोटरसाइकिल, मोपेड, कार, जीप या वैन जैसी सुविधाओं की जानकारी भी देनी होगी। साथ ही परिवार द्वारा उपभोग किए जाने वाले मुख्य अनाज और मोबाइल नंबर भी दर्ज करना जरूरी होगा।

सभी जानकारी भरने के बाद डाटा को ध्यान से जांच लें और फिर सबमिट करें। सबमिट करने के बाद स्क्रीन पर सेल्फ-एन्यूमरेशन आईडी दिखाई देगी। इसका स्क्रीनशॉट या फोटो लेकर सुरक्षित रखें। यह आईडी एसएमएस और ईमेल पर भी प्राप्त होगी। जब गणना कर्मी घर पर आएंगे, तो उन्हें यह आईडी दिखानी होगी।

एडीसी ने बताया कि जनगणना दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण में 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में 9 से 28 फरवरी 2027 तक जनगणना होगी।
इस अवसर पर जनगणना के जिला कॉर्डिनेटर देवेश बंसल भी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!