डीसीपी मानेसर की अध्यक्षता में कंपनियों व ठेकेदारों की बैठक आयोजित
सरकार के निर्धारित वेतनमान का पालन करने के सख्त निर्देश
श्रमिकों के साथ दुर्व्यवहार पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी, पारदर्शिता पर जोर

गुरुग्राम, 14 अप्रैल 2026। पथरेड़ी-बिलासपुर क्षेत्र स्थित Sedo Fex कंपनी में श्रमिकों द्वारा वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर शुरू हुए विरोध के बीच पुलिस प्रशासन ने त्वरित हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया और सभी पक्षों को स्पष्ट निर्देश जारी किए।
मिली जानकारी के अनुसार, कंपनी के बाहर कुछ श्रमिक मासिक वेतन वृद्धि की मांग को लेकर एकत्र होकर प्रदर्शन कर रहे थे। सूचना मिलते ही थाना बिलासपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से संभालते हुए किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद श्रमिकों को हरियाणा सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन एवं मानदेय संबंधी नियमों की जानकारी दी तथा उन्हें कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद फरुखनगर, पटौदी, जमालपुर और बिलासपुर क्षेत्र के वेयरहाउस व कंपनियों के मालिकों तथा लेबर कॉन्ट्रैक्टरों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त मानेसर सुश्री प्रबीना (IPS) ने की, जिसमें एसीपी पटौदी कुलदीप सिंह, थाना प्रबंधक बिलासपुर, चौकी इंचार्ज जमालपुर और लेबर कमिश्नर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में प्रशासन ने कंपनियों और ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिए कि वे हरियाणा सरकार द्वारा निर्धारित वेतनमान के अनुसार ही श्रमिकों को भुगतान सुनिश्चित करें। साथ ही वेतन से जुड़ी सभी जानकारी को पारदर्शिता के साथ प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी श्रमिक के साथ दुर्व्यवहार या अनुचित व्यवहार बिल्कुल सहन नहीं किया जाएगा। श्रमिकों के अधिकारों का सम्मान करते हुए सौहार्दपूर्ण कार्य वातावरण बनाए रखना सभी संबंधित पक्षों की जिम्मेदारी है।
पुलिस उपायुक्त ने सभी पक्षों से अपील की कि वे अफवाहों से बचें, आपसी संवाद बनाए रखें और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।








