
गुरुग्राम। मित्र सभा (रजि.) द्वारा बैसाखी के पावन अवसर पर सेक्टर-4 स्थित आर्य समाज परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन 14 अप्रैल 2026 को प्रातः 11:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ महासचिव बी.के. बजाज द्वारा किया गया। उन्होंने बैसाखी पर्व के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित जनों को इसके संदेश से अवगत कराया। सभा के अध्यक्ष श्री राजन चड्ढा ने सभी सदस्यों एवं उनके परिवारजनों का हार्दिक स्वागत करते हुए इस अवसर को आपसी भाईचारे और खुशियों का प्रतीक बताया।
संरक्षक श्री धरम सागर ने अपने आशीर्वचन में मित्र सभा की सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी तथा बैसाखी के महत्व को रेखांकित करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान मैम गीतिका बजाज ने तंबोला खेल के माध्यम से उपस्थित जनसमूह का मनोरंजन किया, जिससे माहौल और भी आनंदमय हो गया।
इस अवसर पर उन सदस्यों को भी सामूहिक रूप से सम्मानित किया गया, जिनका जन्मदिन इसी अवधि में आया था।
समारोह को सफल बनाने में आशीष सरदाना, विजय भगत, राजेश नासा एवं सौरभ तलवार का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर बैसाखी पर्व की खुशियां साझा कीं और सामाजिक एकता व सद्भाव का संदेश दिया।








