श्रमिकों के वेतन, शांति व्यवस्था व पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर दिया गया विशेष जोर

गुरुग्राम : 10 अप्रैल 2026 – आज दिनांक 10.04.2026 को सुश्री प्रबीना IPS पुलिस उपायुक्त मानेसर द्वारा आईएमटी मानेसर क्षेत्र में स्थित विभिन्न कंपनियों में पिछले कई दिनों से चल रही श्रमिकों की हड़ताल के संबंध में कंपनियों के मालिकों/प्रतिनिधियों व उनके ठेकेदारों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों की समस्याओं का समाधान एवं क्षेत्र में कानून व्यवस्था को बनाए रखना रहा।
बैठक के दौरान कंपनियों के मालिकों/प्रतिनिधियों व ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सरकार द्वारा निर्धारित किए गए मानदेय/वेतन के अनुरूप ही सभी श्रमिकों को भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही प्रत्येक कंपनी को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने प्रतिष्ठानों के बाहर नोटिस बोर्ड पर सरकार द्वारा निर्धारित वेतन संबंधी जानकारी प्रदर्शित करें, ताकि श्रमिकों को पारदर्शी जानकारी उपलब्ध हो सके।
पुलिस उपायुक्त द्वारा सभी उपस्थित पक्षों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने कर्मचारियों के बीच शांति एवं सौहार्द बनाए रखें। श्रमिकों को किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने तथा आपसी भाईचारा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे औद्योगिक क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रह सके।
इसके अतिरिक्त कंपनियों के मालिकों/प्रतिनिधियों व ठेकेदारों को सख्त हिदायत दी गई कि किसी भी श्रमिक के साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार न किया जाए तथा किसी भी कर्मचारी को व्यक्तिगत रूप से परेशान न किया जाए। श्रमिकों के अधिकारों का सम्मान करते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।








