शहीद दमकल कर्मियों को सम्मान और आश्रितों को मुआवजा देने की मांग, सरकार की चुप्पी पर कर्मचारियों में रोष
गुड़गांव, 9 अप्रैल (अशोक)। हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर शुरू हुई दो दिवसीय राज्य स्तरीय हड़ताल वीरवार को दूसरे दिन भी सेक्टर-29 स्थित फायर स्टेशन पर जारी रही। हड़ताल के चलते दमकल कर्मचारियों में भारी रोष देखा गया और उन्होंने अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की।
सर्व कर्मचारी संघ के नेता सुशील शर्मा और जोगेंद्र करोथा समेत अन्य श्रमिक नेताओं ने हड़ताली कर्मचारियों का समर्थन करते हुए कहा कि फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद हुए दमकल कर्मी भवि चंद्र शर्मा और रणवीर सिंह की शहादत पर हरियाणा सरकार की चुप्पी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के दोहरे रवैये के कारण ही कर्मचारियों को न्याय के लिए हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा है।
यूनियन की प्रमुख मांगों में दोनों दिवंगत कर्मियों को शहीद का दर्जा देने, उनके आश्रितों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को स्थायी सरकारी नौकरी तथा अन्य सभी नियमानुसार सुविधाएं प्रदान करने की मांग शामिल है।
कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले शहर के मुख्य मार्गों पर बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
इसके अलावा कच्चे दमकल कर्मचारियों के वेतन में पिछले पांच वर्षों से वृद्धि नहीं होने पर भी गहरा असंतोष व्यक्त किया गया।
हड़ताल के दौरान कर्मचारी नेता सुशीला देवी, राजेश कुमार, ज्ञान चंद, धर्मेंद्र जिंघाला, भारत कांगड़ा, सीमा देवी, तेजपाल, सुरेश नौहरा, जोगिंदर, नवीन, कुलदीप, सुनील, राजकुमार, चरण सिंह, अनिल कुमार, प्रदीप कुमार और अन्य वक्ताओं ने कर्मचारियों को संबोधित कर एकजुट रहने का आह्वान किया।








