नगर निगम गुरुग्राम एवं डीपीजी आईटीएम कॉलेज के संयुक्त प्रयास से युवाओं को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

गुरुग्राम, 9 अप्रैल। प्रदूषण मुक्त गुरुग्राम अभियान के अंतर्गत नगर निगम गुरुग्राम एवं डीपीजी आईटीएम कॉलेज गुरुग्राम के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य एवं प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वच्छ, हरित एवं प्रदूषण मुक्त शहर के निर्माण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम गुरुग्राम के संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में वार्ड 16 के पार्षद विक्रम जीत सिंह (पार्षद, वार्ड-16), स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी तथा बुलंद आवाज एनजीओ से प्रिंका यादव ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के निदेशक प्रो. डॉ. आर.सी. कुहड एवं कुल सचिव टी.आर. नरूला द्वारा सभी अतिथियों का पौधे भेंट कर स्वागत करने के साथ किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक के रूप में पौधारोपण के महत्व पर भी विशेष बल दिया गया।
अपने संबोधन में डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए कचरे का पृथक्करण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की आदत अपनाएं और इस जागरूकता को अपने परिवार व समाज तक भी पहुंचाएं।

पार्षद विक्रम जीत सिंह ने पॉलिथीन के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को इसके उपयोग से बचने तथा कपड़े या जूट के थैलों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े बदलाव की नींव रखते हैं।
इस अवसर पर प्रिंका यादव ने “3आर” सिद्धांत को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में इन सिद्धांतों का पालन करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सार्थक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी द्वारा सभी विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इस सफल आयोजन में एचएमएस टीम के अक्षय, अनिरुद्ध, हिमांशु एवं प्रवीन, सहित डीपीजी आईटीएम कॉलेज के प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम ने सभी उपस्थित लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ गुरुग्राम के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।








