गुरुग्राम में कम्युनिटी सेंटरों की अव्यवस्था पर उठी आवाज, सफाई और ध्वनि प्रदूषण पर कार्रवाई की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शादी-पार्टियों के बाद फैलती गंदगी और तेज डीजे से परेशान स्थानीय लोग, नियमित सफाई और रात 10 बजे के बाद ध्वनि नियंत्रण की मांग

गुरुग्राम, 7 अप्रैल। शहर के सेक्टर-4 स्थित कम्युनिटी सेंटर के आसपास रहने वाले लोगों को इन दिनों गंदगी और शोर-शराबे की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इस गंभीर मुद्दे को उठाते हुए महिला शक्ति मंच की अध्यक्ष व समाजसेवी श्रीमती संतोष श्रीपाल शर्मा ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

उन्होंने बताया कि स्थानीय निवासियों ने उनसे मिलकर शिकायत की कि कम्युनिटी सेंटर में आयोजित विवाह, पार्टियों और अन्य कार्यक्रमों के बाद बचा हुआ भोजन, सब्जियां और आटा आदि परिसर में ही छोड़ दिया जाता है। इससे पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल जाती है और आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

संतोष श्रीपाल शर्मा ने कहा कि पहले कार्यक्रम समाप्त होते ही सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाती थी, लेकिन अब यह व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि कम्युनिटी सेंटर में नियमित सफाई और कूड़ा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि अगली सुबह तक परिसर स्वच्छ रहे और लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके अलावा, उन्होंने ध्वनि प्रदूषण का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि कार्यक्रमों के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाया जाता है, जिससे आसपास के लोगों की दिनचर्या और स्वास्थ्य प्रभावित होता है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि डीजे की आवाज पर नियंत्रण रखा जाए और रात 10 बजे के बाद इसे पूरी तरह बंद किया जाए।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब कम्युनिटी सेंटर की बुकिंग के दौरान शुल्क लिया जाता है, जिसमें सफाई व्यवस्था शामिल होती है, तो फिर इस व्यवस्था का पालन क्यों नहीं किया जा रहा।

महिला शक्ति मंच की अध्यक्ष ने प्रशासन से अपील की कि इस “जेनुइन समस्या” को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों को राहत मिल सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!