चंडीगढ़, 07 अप्रैल 2026। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने नूंह और तावडू के मंडियों का दौरा कर किसानों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने किसानों को आ रही दिक्कतों को लेकर राज्य सरकार पर तीखा प्रहार किया।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार किसानों को राहत देने के बजाय दिन-प्रतिदिन उन्हें परेशान करने में लगी हुई है। उन्होंने बताया कि गेहूं की खरीद 1 अप्रैल से शुरू होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू नहीं हो पाई है। मंडियों में केवल नाम मात्र की खरीद हो रही है और कुल उत्पादन का बेहद कम हिस्सा ही उठाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मंडियों में लिफ्टिंग की व्यवस्था चरमराई हुई है और J-Form नहीं बनने के कारण किसानों को समय पर भुगतान भी नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा गेट पास जारी करने में भी भारी दिक्कतें आ रही हैं, वहीं बायोमेट्रिक और ट्रैक्टर-ट्रॉली वेरिफिकेशन, पोर्टल का सुचारू रूप से ना चलना जैसी प्रक्रियाओं ने किसानों की परेशानी और बढ़ा दी है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार खुद को “डबल इंजन सरकार” बताती है, ऐसे में उसे केंद्र सरकार से समन्वय बनाकर किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि फसल की गुणवत्ता को लेकर मानकों में राहत दी जाए और बारिश के कारण दाने काले होने की स्थिति में किसानों को विशेष छूट प्रदान की जाए।
उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में किसान अपनी मांगों को लेकर धरनों पर बैठे हैं और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। वहीं, कृषि मंत्री द्वारा यह कहना कि बारिश से कोई नुकसान नहीं हुआ, पूरी तरह से जमीनी हकीकत से परे है। कुछ नेताओं के ऐसे बयान कि “बारिश से किसान खुश हैं”, किसानों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।
राव नरेंद्र सिंह ने अंत में कहा कि सच्चाई यह है कि न तो ऊपर की सरकार संतुष्ट है और न ही नीचे का किसान, और इसी का खामियाजा प्रदेश का अन्नदाता भुगत रहा है। उन्होंने सरकार से किसानों की समस्याओं का तुरंत समाधान करने की मांग की।








