युवाओं के सामने गहराता जा रहा जाॅब संकट ,चुनावों के समय ही निकालीं जाती हैं चुनिंदा जॉब वैकेंसीज
मेगा जनसंपर्क अभियान में चिंतित युवाओं ने उठाई समाधान की मांग
‘समाज और राष्ट्र को तेजी से आगे बढ़ाने में युवावर्ग की समस्याओं को दूर करना अत्यंत आवश्यक’
युवाओं के हकों की आवाज बुलंद करेगा लोक सेवा मंच : अशोक प्रधान
रेवाड़ी । जनहित में जारी ‘मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान’ के तहत लोक सेवा मंच के पदाधिकारियों ने युवाओं से उनकी ज्वलंत समस्याओं को लेकर संवाद किया । शहर में मॉडल टाउन स्थित ओल्ड कोर्ट रोड के समीप बातचीत में युवाओं-युवतियों ने खुलकर अपनी समस्याएं सांझा करते हुए राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच के पदाधिकारियों से समाधान की आवाज सरकार तक पहुंचाने का पुरजोर आग्रह किया ।
इस सिलसिले में राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच तथा कोर कमेटी के सदस्य बीके राम सिंह का उपस्थित युवकों- युवतियों ने जोरदार स्वागत किया । युवाओं ने कहा कि लोक सेवा मंच ने उनकी समस्याओं और विचारों की सुध लेने का जो जनहितकारी अभियान शुरू किया है ,उससे उनमें उम्मीदों की आस जगी है। उन्होंने कहा कि समाज के सीनियर सिटीजंस ,बच्चों और महिलाओं की सामूहिक समस्याओं एवं हितों की आवाज बुलंद करने के बाद अब युवावर्ग की तरफ भी मंच का ध्यान आया है ।
युवाओं ने बताया कि उन्हें जॉब वैकेंसीज के विज्ञापित होने होने का लंबा इंतजार करना पड़ता है । जिससे रोजगार पाने के लिए उनकी निर्धारित आयु तेजी से घट रही है । अक्सर चुनावों के समय ही चुनिंदा जॉब वैकेंसीज निकाली जाती हैं तथा उनमें से भी अधिकांश जॉइनिंग कराने से पहले अदालती मामलों में अटक जाती हैं । इससे शिक्षित युवा बेरोजगारों की फौज दिनोंदिन बढ़ रही है । युवावर्ग की पुरजोर मांग है कि एसएससी की तर्ज पर केंद्र व हरियाणा की प्रतियोगी परीक्षाओं का कैलेंडर बनना चाहिए जिससे जाॅब वैकेंसिज का नियत समय पर एडवर्टाइज होना ,परीक्षा का शेड्यूल, रिजल्ट डिक्लेयर होने तथा ज्वाइन होने का भी समय निर्धारित हो सके । बेरोजगार युवाओं -युवतियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की एप्लीकेशन फीस में पूर्ण छूट दी जानी चाहिए । जॉब वेकेंसी निकालने में देरी करने पर सरकार को आवेदकों को आयु में छूट प्रदान करनी चाहिए । स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज स्थापित करने के इच्छुक युवाओं- युवतियों को 20 लाख रुपए तक का ब्याजमुक्त लोन 20% सब्सिडी के साथ लंबी अवधि के लिए दिया जाना चाहिए । उच्च शिक्षित युवाओं और युवतियों को उद्योग स्थापित करने के लिए 20 करोड रुपए तक का लोन 5% वार्षिक ब्याज दर से 20% सब्सिडी के साथ लंबी अवधि के लिए दिया जाना चाहिए । बेरोजगार युवतियों व युवाओं को गुजारे लायक क्षतिपूर्ति भत्ता ( जाॅबलेस क्लेम ) क्रमश: 58 व 60 वर्ष की आयु तक दिया जाना चाहिए ।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच ने कहा कि युवाओं, युवतियों की सामूहिक समस्याओं एवं जायज मांगों का फाइनल मसौदा तैयार करके जल्द उनके हकों की आवाज असरदार ढंग से बुलंद की जाएगी । मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री को पत्र लिखे जाएंगे । उन्होंने कहा कि समस्याओं का सामाधन होने तक मंच का मेगा संपर्क अभियान व्यापक जनहित में लगातार जारी रहेगा ।








