8 साल से अधर में लटका प्रोजेक्ट, अब जमीन पर काम शुरू होने का इंतजार; बच्चों में बीमारियों के आंकड़े भी चिंता बढ़ाने वाले : विद्रोही
रेवाड़ी, 7 अप्रैल 2026: स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने रेवाड़ी में 200-300 बेड के सरकारी अस्पताल को मौजूदा अस्पताल परिसर में बनाने की घोषणा का स्वागत किया है। यह घोषणा केंद्रीय राज्यमंत्री राव इन्द्रजीत सिंह और हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्रीआरती राव द्वारा की गई है।
हालांकि विद्रोही ने सरकार से यह भी स्पष्ट करने की मांग की है कि यह परियोजना जमीन पर कब साकार होगी। उन्होंने कहा कि पिछले 8 वर्षों से भाजपा सरकार रेवाड़ी में 200 बेड के अस्पताल के निर्माण को लेकर असमंजस की स्थिति बनाए हुए है। वहीं, पिछले 14 महीनों से रामगढ़ भगवानपुर के ग्रामीण अपने गांव में अस्पताल बनवाने की मांग को लेकर धरना दे रहे थे।
उन्होंने कहा कि लंबे विवाद के बाद स्वास्थ्य मंत्री आरती राव और उनके पिता राव इन्द्रजीत सिंह द्वारा मौजूदा अस्पताल परिसर में ही 6 मंजिला 300 बेड अस्पताल बनाने की घोषणा से स्थान को लेकर चल रहा विवाद समाप्त हुआ है, जिसका स्वागत किया जाना चाहिए।
विद्रोही ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने एक यूट्यूब चैनल पर कहा है कि वह व्यक्तिगत रूप से अस्पताल की ड्राइंग और अन्य प्रक्रियाओं को पूरा करवा रही हैं। इसके बावजूद उन्होंने सवाल उठाया कि केवल घोषणाओं से जनता का भरोसा नहीं बनेगा, बल्कि जब निर्माण कार्य शुरू होगा, तभी लोगों का विश्वास मजबूत होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 11 वर्षों में रेवाड़ी और अहीरवाल क्षेत्र की कई विकास परियोजनाओं पर सरकार खरी नहीं उतरी है। कई घोषणाएं या तो लागू नहीं हुईं या अधूरी रह गईं।
बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंताजनक आंकड़े
विद्रोही ने केंद्र सरकार के राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत हुए सर्वे का हवाला देते हुए कहा कि रेवाड़ी जिले में 1 से 18 वर्ष के बच्चों में स्वास्थ्य स्थिति चिंताजनक है। लगभग 1.15 लाख बच्चों की स्क्रीनिंग में 23,672 बच्चों में किसी न किसी बीमारी का पता चला है।
उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा समस्याएं आंखों और दांतों से जुड़ी हैं, जबकि करीब 50 प्रतिशत बच्चे खून की कमी (एनीमिया) से ग्रसित पाए गए हैं।
स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की जरूरत
इन आंकड़ों के आधार पर विद्रोही ने कहा कि रेवाड़ी में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने की तत्काल आवश्यकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रामपुरा (रेवाड़ी) निवासी स्वास्थ्य मंत्री आरती राव अपने गृह जिले के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए गंभीर कदम उठाएंगी, ताकि बच्चों और युवाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।









