भाजपा के स्थापना दिवस पर गुरुग्राम में हुआ प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम, मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी ने फहराया पार्टी का झंडा
भाजपा का मंगलवार से गांव चलो-बस्ती चलो अभियान शुरू, भाजपा की उपलब्धियों और नीतियों को लेकर घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता

चंडीगढ़, 6 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को प्रदेश में 47वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। भाजपा के लाखों कार्यकर्ताओं ने अपने घरों पर पार्टी का ध्वज फहराया। प्रदेश के 20 हजार 629 बूथों पर कार्यकर्ताओं ने पार्टी का ध्वज फहराया और मिठाईयां बांटकर एक दूसरे को स्थापना दिवस की बधाई दी।
गुरुग्राम स्थित भाजपा कार्यालय गुरुकमल में स्थापना दिवस पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम हुआ। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली और प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने पार्टी का ध्वज फहराकर कार्यकर्ताओं को पार्टी के स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह दिन पार्टी के संघर्ष, समर्पण और सेवा की भावना को याद करने का अवसर है। प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि कार्यकर्ताओं के समर्पण और बलिदान से भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है वहीं भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने कहा कि राष्ट्रवाद और समग्र मानवतावाद के आदर्शों से प्रेरित भाजपा राष्ट्र निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं संगठनमंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में कार्यकर्ताओं के साथ स्थापना दिवस मनाया। इस मौके पर उन्होंने संगठन की गौरवशाली यात्रा को नमन किया तथा कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने अंबाला और मंत्री कृष्ण बेदी ने नरवाना में अपने निवास स्थान पर पार्टी का झंडा फहराया। प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता ने पानीपत जिला कार्यालय, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया ने रोहतक कार्यालय में झंडा फहराया। राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ सहित मंत्री, विधायकों ने भी अपने घरों पर पार्टी का झंडा लगाकर भाजपा का स्थापना दिवस मनाया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने बताया कि 7 अप्रैल से 12 अप्रैल तक भाजपा का “गांव चलो, बस्ती चलो” अभियान शुरू हो जाएगा। इस अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं का उद्देश्य पार्टी विस्तार के साथ-साथ लोगों को भाजपा की नीतियों के प्रति प्रेरित करना है। कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से मोदी और नायब सैनी सरकार की उपलब्धियों और पार्टी की नीतियों के बारे में चर्चा करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली बताया कि भाजपा डा. भीम राव अंबेडकर की जयंती प्रदेश भर में मनाएगी और इस दौरान अनेकों कार्यक्रम होंगे। 13 अप्रैल को डॉ. भीम राव अम्बेडकर की प्रतिमाओं के आसपास कार्यकर्ता स्वच्छता अभियान चलाएंगे और सायं के दीपोत्सव होगा। 14 अप्रैल को डा. भीम राव अंबेडकर की जयंती है। भाजपा नेता और कार्यकर्ता बाबा साहब की मूर्तियों पर माल्याअर्पण करेंगे। यह अभियान भी सप्ताह भर चलेगा, इस दौरान गोष्ठियां होगी और बाबा साहब के विचारों को अभियान के तहत जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने बताया कि 15 अप्रैल से 15 मई तक 36 घंटों का महाप्रशिक्षण अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान जिला स्तर पर होगा। पार्टी का उद्देश्य प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन और पार्टी की विचारधारा से से अवगत कराना है।
प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि 1952 में जनसंघ के रूप में यात्रा शुरू हुई थी। 6 अप्रैल 1980 से भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ। 46 वर्ष पूरे हो चुके हैं और आज हम 47वां स्थापना दिवस मना रहे हैं। इस यात्रा के दौरान श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीन दयाल उपाध्याय जैसे अनेकों महापुरूष पार्टी के विचार को लेकर आगे बढ़ें और प्राणों तक की बाजी लगाई। हमारे महापुरूषों ने पार्टी को जीया है और आगे बढ़ाया है।
श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा दो सीटों से यात्रा शुरू हुई और आज पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में 2014 से लगातार भाजपा की सरकार है। जो लक्ष्य लेकर हम चले थे वे पूरे हो रहे हैं। कश्मीर से धारा-370 हटी और भगवान श्री राम के मंदिर का पुननिर्माण हुआ। गरीब व्यक्ति के सपने भाजपा सरकार में पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है।








