मुख्यमंत्री नायब, प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली और प्रदेश प्रभारी डा. पूनिया ने अटल की 9 फुट प्रतिमा का किया अनावरण
विचारधारा से विकास तक भाजपा की यात्रा निरंतर जारी है : नायब सैनी
गरीब कल्याण से सशक्त राष्ट्र निर्माण की ओर आगे बढ़ रहा भारत : मुख्यमंत्री नायब सैनी

चंडीगढ़, 06 अप्रैल। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आज भारत ने वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान स्थापित की है, जिसकी मजबूत नींव पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व में रखी गई थी। उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा विचारधारा आधारित राजनीति करते हुए राष्ट्र को सशक्त और विकसित बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ी है। वरिष्ठ नेताओं के त्याग, संघर्ष और दूरदृष्टि का ही परिणाम है कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जनसंघ जैसे संगठन को भी व्यापक लक्ष्य के लिए विलय किया गया। यह भाजपा की उस सोच को दर्शाता है, जिसमें सत्ता या संगठन से ऊपर राष्ट्र निर्माण और भारत को उच्चतम शिखर पर पहुंचाने का संकल्प सर्वोपरि रहा है।
मुख्यमंत्री सोमवार को गुरुग्राम में भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय गुरुकमल में पार्टी के 47 वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कार्यालय परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री, पार्टी के संस्थापक एवं प्रथम अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी की 9 फुट मूर्ति का अनावरण भी किया। मूर्ति अनावरण के मौके पर भाजपा के प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पुनिया, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली मौजूद रहे। इससे पहले गुरुग्राम के जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने भाजपा कार्यालय पहुंचने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली और प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस उन मूल्यों और आदर्शों की याद दिलाने का अवसर है, जिन्हें महान नेताओं ने अपने तप और परिश्रम से संगठन में स्थापित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की स्थापना केवल एक राजनीतिक दल के रूप में नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा, समर्पण और मजबूत विचारधारा के उदय के रूप में हुई थी। 6 अप्रैल 1980 को रखी गई इस नींव ने आज एक विशाल वटवृक्ष का रूप ले लिया है, जो विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन के रूप में स्थापित है। नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस ऐतिहासिक सफर के पीछे करोड़ों कार्यकर्ताओं का त्याग, परिश्रम और समर्पण है, जिन्होंने दिन-रात मेहनत कर राष्ट्र को नई दिशा देने का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा विचारधारा आधारित राजनीति करते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों पर आगे बढ़ी है, जिसके परिणामस्वरूप आज भारत नई विकास ऊंचाइयों को छू रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी पहलों से गांवों को सड़कों से जोड़कर विकास की मजबूत नींव रखी गई, वहीं सुशासन और दूरदर्शी नीतियों ने देश को नई दिशा दी। इसी मार्ग को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की गति को अभूतपूर्व तेजी मिली है और देश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्ष 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने “एक देश में दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेंगे” का नारा देकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया और अखंड भारत के लिए अपना बलिदान दिया। इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 व धारा 35-ए को हटाकर कश्मीर से कन्याकुमारी तक अखंड भारत के सपने को साकार किया गया।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारत को विश्व गुरु बनाने के सपने को साकार करने की दिशा में समर्पित नेतृत्व और करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत से देश निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से गरीब, किसान और आमजन के जीवन में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। आयुष्मान योजना जैसी पहल से लाखों लोगों को निःशुल्क उपचार मिला। हर घर जल, पारदर्शी रोजगार व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार ने जीवन स्तर को बेहतर बनाया है। स्थापना दिवस के इस अवसर पर यह परिलक्षित होता है कि समर्पण, सेवा और सुशासन के बल पर देश मजबूती से विकास के पथ पर अग्रसर है।
बलिदान से विकास तक राष्ट्र निर्माण की वैचारिक यात्रा : डॉ सतीश पुनिया
हरियाणा भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ सतीश पुनिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनसंघ की स्थापना से लेकर आज तक की यह यात्रा विचारधारा, त्याग और राष्ट्र सेवा के संकल्प से प्रेरित रही है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों और अटल बिहारी वाजपेयी के सुशासन मॉडल ने मजबूत नींव रखी। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ऐतिहासिक निर्णयों और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है।
डा. सतीश पूनिया ने कहा कि गांव, गरीब और किसान के जीवन में सुधार, आधारभूत ढांचे का विस्तार और राष्ट्रीय गौरव की पुनर्स्थापना इस यात्रा की पहचान बनी है। उन्होंने कहा कि संघर्ष, समर्पण और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत के बल पर आगे बढ़ती यह विचारधारा आज भी राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूती से आगे ले जा रही है, जिसका परिणाम हरियाणा सहित देशभर में संगठन और सरकार के रूप में स्पष्ट दिखाई देता है।
कार्यकर्ताओं की मेहनत से जनविश्वास तक भाजपा की ऐतिहासिक यात्रा : मोहन लाल बड़ौली
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना जिस विचार और जनसेवा के संकल्प के साथ हुई थी, आज वही पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक संगठन के रूप में स्थापित है। उन्होंने कहा कि करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और जनभावनाओं से जुड़े प्रयासों के कारण ही पार्टी को निरंतर जनविश्वास मिला है और हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। इसी भावना के साथ संगठन लगातार आगे बढ़ रहा है, जहां सेवा और राष्ट्रहित सर्वोपरि है।
मोहन लाल बड़ौली ने सभी कार्यकर्ताओं को भाजपा के 47वें स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिस भावना के साथ पार्टी का गठन हुआ था आज पार्टी उसी विश्वास के साथ जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतर रही है। उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं। सेवा का जो संकल्प हम सभी कार्यकर्ताओं ने लिया है उसे मजबूती से आगे बढ़ाना है।
इस अवसर पर हरियाणा उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, भाजपा के जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, मेयर राजरानी मल्होत्रा, चेयरमैन राम अवतार गर्ग, जिला महामंत्री अजीत यादव, जिला महामंत्री मनीष सैदपुर, पूर्व विधायक सत्यप्रकाश जरावता, पूर्व जिला अध्यक्ष कमल यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, तिलकराज मल्होत्रा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





