कार्यकर्ता ही संगठन की असली शक्ति — जिला कार्यकारिणी बैठक में बोले धनखड़
विपक्ष के पास नेता, नीति और नियत की कमी: धनखड़
चंडीगढ़, 4 अप्रैल। केंद्र में मोदी सरकार और हरियाणा में नायब सरकार अंत्योदय की भावना से जनसेवा के उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। समाज के हर वर्ग की देश-प्रदेश के विकास में बराबर की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। सभी भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व बनता है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में यह सुनिश्चित करें कि हर पात्र नागरिक तक मोदी और नायब सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव औमप्रकाश धनखड़ ने पार्टी कार्यालय में जिला कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए यह आह्वान किया।
जिला कार्यकारिणी की बैठक में संगठन द्वारा लिए गए कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श हुआ। बैठक में पहुंचने पर राष्ट्रीय सचिव औमप्रकाश धनखड़ का जिला अध्यक्ष विकास वाल्मीकि की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने जोश और उत्साह के साथ स्वागत किया।
राष्ट्रीय सचिव धनखड़ ने कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता की पहचान देश और समाज सेवा से होती है। पात्र नागरिक को योजना का लाभ मिलने से उसका विश्वास कार्यकर्ता, भाजपा संगठन और सरकार के प्रति और मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि नागरिकों का यही विश्वास संगठन की असली ताकत है और इसी से भाजपा और अधिक सशक्त होगी।
धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री के सशक्त नेतृत्व में देश ने अर्थव्यवस्था, सैन्य, संस्कृति, शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। आज वैश्विक स्तर पर भारत की बात को गंभीरता से सुना जाता है। वहीं विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास न तो सर्वमान्य नेता है, न स्पष्ट नीति और न ही सही नियत, जिसके चलते कांग्रेस लगातार कमजोर होती जा रही है।
कार्यकारिणी बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष विकास वाल्मीकि ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में जिप चेयरमैन कप्तान बिरधाना, संजय कबलाना, महामंत्री रवि बराही व जयकिशन सहित पार्टी पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
टिप्पणी:
राष्ट्रीय सचिव औमप्रकाश धनखड़ द्वारा स्वयं जिला कार्यकारिणी की बैठक लेना इस बात का संकेत है कि संगठन आगामी समय में जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहा है। इससे स्पष्ट होता है कि भाजपा नेतृत्व कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद स्थापित कर संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सक्रिय व प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दे रहा है।







