दुकानदारों को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने का दिया संदेश

गुरुग्राम, 4 अप्रैल। मिशन प्रदूषण मुक्त गुरुग्राम कार्यक्रम के अंतर्गत भीम नगर स्थित ऑटो मार्केट में एक व्यापक जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य बाजार क्षेत्र में स्वच्छता को बढ़ावा देना, प्रदूषण पर नियंत्रण करना तथा दुकानदारों एवं आमजन को जिम्मेदार नागरिक के रूप में प्रेरित करना रहा।
संयुक्त आयुक्त डॉ जयवीर यादव के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर निगम गुरुग्राम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी, बुलंद आवाज़ वेलफेयर सोसाइटी की उपाध्यक्षा प्रिंका यादव, सफाई निरीक्षक श्रीकांत शर्मा, सहायक सफाई निरीक्षक उमेश तथा एचएमएस टीम से मनोज एवं राहुल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं समाजसेवियों ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों को स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रत्येक दुकान पर कम से कम दो कूड़ेदान रखने की आवश्यकता पर जोर देते हुए सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखने की अपील की।
साथ ही, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने, खुले में कचरा न फेंकने तथा प्रदूषण को रोकने के लिए कचरे में आग न लगाने के लिए भी लोगों को जागरूक किया गया। टीम द्वारा दुकान-दुकान जाकर कचरा प्रबंधन के सही तरीकों की जानकारी दी गई और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय दुकानदारों ने भी सकारात्मक सहयोग दिखाते हुए स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। इस जागरूकता अभियान को सफल बनाने में नगर निगम गुरुग्राम की स्वच्छता टीम एवं स्थानीय व्यापारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।








