गिग वर्करों को मिले गरिमा, सुरक्षा और सम्मान : निशित कटारिया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

-गिग कर्मियों को कानूनी दर्जा देने की मांग, निशित कटारिया ने उठाया मुद्दा

-हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने गुरुग्राम में उठाए गिग कर्मियों के अधिकारों के मुद्दे

गुरुग्राम। देशभर में काम कर रहे गिग वर्करों के अधिकारों और सुरक्षा को लेकर हरियाणा युवा कांग्रेस ने आवाज बुलंद की है। इसी कड़ी में हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने गुरुग्राम में पत्रकारों से बातचीत करते हुए गिग वर्कर न्याय अभियान को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश के लाखों गिग कर्मियों की स्थिति आज बेहद चिंताजनक हो गई है और उन्हें उचित अधिकार, सुरक्षा और सम्मान दिलाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।

निशित कटारिया ने कहा कि आज देश के तमाम गिग कर्मियों की हालत अमानवीय श्रेणी तक पहुंच चुकी है। उनका कहना था कि मुनाफे की अंधी दौड़ में शामिल बड़ी कंपनियां गिग वर्करों का शोषण कर रही हैं और केंद्र सरकार भी इस दिशा में ठोस कदम उठाने में नाकाम रही है।उन्होंने कहा कि डिलीवरी और ऐप आधारित सेवाओं से जुड़े लाखों युवक-युवतियां दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन उन्हें न तो पर्याप्त आय मिलती है और न ही सामाजिक सुरक्षा का कोई ठोस प्रावधान है।

कटारिया ने बताया कि गिग वर्करों की प्रमुख मांगों में 10 मिनट डिलीवरी के दबाव से पूर्ण राहत, पारदर्शी और उचित पेमेंट प्रक्रिया, सामाजिक सुरक्षा और दुर्घटना बीमा की व्यवस्था, न्यूनतम आय सुनिश्चित करना तथा कंपनियों द्वारा मनमाने तरीके से आईडी ब्लॉक करने की प्रथा को बंद करना शामिल है। इसके अलावा गिग वर्करों को कानूनी दर्जा दिए जाने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई जा रही है, ताकि उन्हें श्रमिकों के समान अधिकार और सुरक्षा मिल सके।

हरियाणा युवा कांग्रेस की सह प्रभारी प्रियंका चंदेलिया ने कहा कि व्हाइट टी-शर्ट मूवमेंट के माध्यम से युवा कांग्रेस गिग वर्करों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का काम करेगी। इस अभियान के तहत विभिन्न शहरों में गिग कर्मियों से संवाद किया जाएगा और उनकी समस्याओं को सरकार और संबंधित कंपनियों तक पहुंचाया जाएगा।

युवा कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन प्रदीप यादव ने कहा कि युवा कांग्रेस का उद्देश्य केवल मुद्दा उठाना नहीं बल्कि गिग वर्करों को गरिमा, सुरक्षा और सम्मान दिलाने के लिए ठोस नीति बनाने की दिशा में सरकार पर दबाव बनाना भी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार और कंपनियां गिग वर्करों की समस्याओं को गंभीरता से लेंगी और उनके हित में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

प्रेस वार्ता में मुख्य तौर पर हरियाणा की सह प्रभारी प्रियंका चंदेलिया,हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस मीडिया चेयरमैन प्रदीप यादव, गुरुग्राम जिला उपाध्यक्ष मोहित तंवर,इमरत उल्लावास,विक्रम कटारिया व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!