कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता ।
सम्बन्धित ACsP, SHsO, पुलिस चौकी इंचार्जों व ऑफिस स्टाफ के साथ मीटिंग करके दिए उचित आदेश/दिशा-निर्देश।

गुरुग्राम : 04 अप्रैल 2024 – आज दिनांक 04.04.2026 को श्री संदीप कुमार HPS ने श्री गौरव राजपुरोहित IPS के स्थान पर पुलिस उपायुक्त पूर्व, गुरुग्राम का कार्यभार विधिवत रूप से ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के उपरांत उन्होंने अपने अधीनस्थ/गुरुग्राम पुलिस जोन पूर्व के सभी सहायक पुलिस आयुक्तों, थाना प्रबंधकों, चौकी इंचार्जों एवं अन्य पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों के साथ बैठक करके आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
इस बैठक के दौरान श्री संदीप कुमार ने कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आमजन को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को किसी भी स्थिति में लंबित न रखा जाए तथा उनका समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने लंबित शिकायतों एवं प्रकरणों को अनावश्यक रूप से पेंडिंग न रखने, त्वरित कार्यवाही करते हुए उनका समय पर निष्पादन करने तथा जांच में आधुनिक तकनीकों का अधिकाधिक उपयोग करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा आपराधिक गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के लिए भी निर्देशित किया गया।
इस दौरान उन्होंने असामाजिक गतिविधियों के प्रति सख्त रुख अपनाने के निर्देश देते हुए कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तथा आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखें, जिससे पुलिस-जन सहयोग को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्यवाही की जा सके।








