ज़ोन-3 में सफाई व्यवस्था पर सख्ती, एसएसएफ कर्मचारियों को जारी किए कड़े निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संयुक्त आयुक्त ने लापरवाही पर चेतावनी, अवैध डंपिंग रोकने और रिपोर्टिंग व्यवस्था मजबूत करने के दिए आदेश

गुरुग्राम, 2 अप्रैल। नगर निगम गुरुग्राम के ज़ोन-3 में सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए स्पेशल सैनिटेशन फोर्स (एसएसएफ) के कर्मचारियों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। संयुक्त आयुक्त डा. जयवीर यादव द्वारा अपने कार्यालय में आयोजित बैठक दिए दिए गए आदेशों में कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया गया है कि ड्यूटी के प्रति लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि कई कर्मचारी न तो व्हाट्सएप ग्रुप में अपनी उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं, न ही अपनी लोकेशन साझा कर रहे हैं और न ही वरिष्ठ अधिकारियों के फोन कॉल का जवाब दे रहे हैं। इसके अलावा, क्षेत्र में कूड़े और सीएंडडी वेस्ट की अवैध डंपिंग को रोकने और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई में भी ढिलाई पाई गई है, जो एक गंभीर मामला है।

संयुक्त आयुक्त ने सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे ड्यूटी पर पहुंचते ही अपनी टीम के साथ जीपीएस फोटो और वर्तमान लोकेशन व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करें। साथ ही दिनभर की कार्रवाई के दौरान समय-समय पर फोटो और अपडेट भेजना अनिवार्य किया गया है, ताकि कार्यों की रियल टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके। सभी टीमें अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में पूरे दिन सक्रिय रहें और कूड़े व सीएंडडी वेस्ट की अवैध डंपिंग को हर हाल में रोकें। यदि कोई वाहन डंपिंग करते हुए पकड़ा जाता है तो उसे तुरंत रोका जाए, चालान किया जाए और मौके पर टीम के साथ फोटो लेकर व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किया जाए।

अवैध डंपिंग को रोकने के लिए सुबह और रात के समय विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके साथ ही खाली प्लॉट, सडक़ किनारे, ग्रीन बेल्ट और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नई डंपिंग न हो, यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी कर्मचारियों को सौंपी गई है। सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी रोजाना की कार्यवाही की रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारी के माध्यम से जमा करें। व्हाट्सएप ग्रुप में दिए गए सभी निर्देशों का पालन करना और वरिष्ठ अधिकारियों के फोन कॉल का तुरंत जवाब देना भी अनिवार्य किया गया है। संयुक्त आयुक्त ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि इन निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!