कचरे में आग लगाने वालों पर सख्त कार्रवाई, राजीव चौक पर प्रतिष्ठान पर लगा 5000 रुपये का जुर्माना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नगर निगम की सख्ती, पर्यावरण नियमों की अवहेलना पर बढ़ी निगरानी, मौके पर पहुंचकर अतिरिक्त निगमायुक्त ने की कार्रवाई

गुरुग्राम, 2 अप्रैल। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा पर्यावरणीय नियमों तथा ठोस कचरा प्रबंधन के प्रावधानों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जा रहा है। विशेष रूप से कचरे में आग लगाने की घटनाओं पर निगम की पैनी नजर बनी हुई है और ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

इसी कड़ी में सोमवार देर शाम राजीव चौक स्थित एक प्रतिष्ठान पर कचरे में आग लगाने के मामले में कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, नगर निगम गुरुग्राम के अतिरिक्त आयुक्त यश जालुका शहर का निरीक्षण कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजीव चौक पर कचरे में आग जलती हुई देखी।

मौके पर पहुंचकर की गई जांच में सामने आया कि यहां स्थित ‘रोका’ नामक संस्थान के कर्मचारियों द्वारा कचरे में आग लगाई गई थी। इस पर अतिरिक्त निगमायुक्त ने तुरंत निगम की टीम को मौके पर बुलाया। टीम द्वारा तत्काल आग बुझाई गई और पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित प्रतिष्ठान का 5000 रुपये का चालान किया गया।

नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि शहर में प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कचरे में आग लगाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है और यह आमजन के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने नागरिकों व संस्थानों से अपील की कि वे कचरा प्रबंधन के नियमों का पालन करें और कचरे का सही तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करें। निगम द्वारा ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!