टोल वसूली और कलेक्टर दरों में बेतहाशा बढ़ोतरी, आमजन की जेब पर डाका — राव नरेंद्र सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

टोल वसूली में मनमानी और कलेक्टर दरों की मार, महंगाई से जूझती जनता पर दोहरा संकट

चंडीगढ़, 02 अप्रैल 2026। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने प्रदेश में टोल वसूली और कलेक्टर दरों में लगातार हो रही बेतहाशा वृद्धि पर कड़ा प्रहार करते हुए इसे आम जनता पर “आर्थिक हमला” करार दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों ने आम आदमी का जीवन दिन-प्रतिदिन और अधिक कठिन बना दिया है।

राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि टोल प्लाजाओं पर मनमानी वसूली खुलेआम जारी है, जबकि कलेक्टर दरों में बार-बार की जा रही वृद्धि सीधे तौर पर लोगों की जेब पर चोट कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले से महंगाई की मार झेल रही जनता के लिए यह फैसले “जख्मों पर नमक छिड़कने” जैसे हैं।

उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरी व्यवस्था भ्रष्टाचार की गिरफ्त में नजर आती है। प्रदेश में लगातार सामने आ रहे घोटालों और करोड़ों रुपये के गबन के आरोप यह दर्शाते हैं कि जनता की गाढ़ी कमाई सुरक्षित नहीं है। एक ओर भ्रष्टाचार से संसाधनों की लूट हो रही है, वहीं दूसरी ओर टैक्स और दरों में बढ़ोतरी कर आमजन पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार का मूल दायित्व जनता को राहत देना है, लेकिन वर्तमान हालात इसके बिल्कुल उलट हैं। उन्होंने मांग की कि टोल वसूली की पारदर्शी और व्यापक समीक्षा कराई जाए तथा कलेक्टर दरों में की गई वृद्धि को तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।

राव नरेंद्र सिंह ने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से आमजन के अधिकारों और हितों की आवाज उठाती रही है और आगे भी हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!