पीएफटीआई की ऐतिहासिक पहल से उद्योग जगत के लिए खुलेंगे वैश्विक अवसर: दीपक मैनी

गुरुग्राम। भारतीय उद्योग जगत को वैश्विक मंच पर सशक्त पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल करते हुए प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (पीएफटीआई) ने “कनाडा में व्यापार विस्तार एवं सहयोग के अवसर” विषय पर एक उच्चस्तरीय रणनीतिक बैठक का आयोजन किया। इस बैठक ने स्पष्ट संकेत दिया कि भारतीय उद्योग अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपने विस्तार के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
बैठक की शुरुआत पीएफटीआई के चेयरमैन दीपक मैनी एवं वाइस चेयरमैन डॉ. एस.पी. अग्रवाल द्वारा मुख्य अतिथि, एलीट ग्लोबल ग्रुप कनाडा के चेयरमैन जसविंदर गोगिया के आत्मीय स्वागत के साथ हुई। इसके पश्चात पीएफटीआई डायरेक्टर डॉ. अंशुल धींगरा ने बैठक की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सत्र को परिणामोन्मुख दिशा प्रदान की और सभी सदस्यों को एक साझा विजन से जोड़ा।
अपने संबोधन में जसविंदर गोगिया ने कनाडा के उभरते बाजार, बढ़ती मांग और भारतीय उद्यमियों के लिए उपलब्ध अपार संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय भारतीय उद्योगों के लिए वैश्विक विस्तार का स्वर्णिम अवसर है और जो उद्योगपति इस समय निर्णायक कदम उठाएंगे, वही भविष्य में अंतरराष्ट्रीय बाजार में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।
बैठक के दौरान पीएफटीआई के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने-अपने उत्पादों एवं सेवाओं को कनाडा के बाजार में स्थापित करने की संभावनाओं पर गहन और व्यावहारिक चर्चा की। कई उद्योगपतियों ने अपनी अपेक्षाएं, चुनौतियां और आवश्यकताएं साझा कीं, जिससे यह मंच केवल संवाद तक सीमित न रहकर वास्तविक व्यापारिक अवसरों को आकार देने वाला प्रभावी माध्यम बन गया।
इस अवसर पर जसविंदर गोगिया ने एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा करते हुए पीएफटीआई से कनाडा के लिए एक रणनीतिक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल तैयार करने का आग्रह किया।
पीएफटीआई के चेयरमैन दीपक मैनी ने कहा कि यह पहल न केवल संगठन की सक्रियता और दूरदर्शिता को दर्शाती है, बल्कि भारतीय उद्योग जगत के लिए विशेष रूप से कनाडा में नए अवसरों के द्वार खोलने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रस्तावित कनाडा दौरा सभी सदस्यों में नई ऊर्जा, उत्साह और आत्मविश्वास का संचार करेगा और इसे भारत–कनाडा व्यापारिक संबंधों के लिए एक “गेम-चेंजर” पहल के रूप में देखा जाएगा।
बैठक में कई सदस्य ऑनलाइन माध्यम से भी जुड़े। वहीं, भौतिक रूप से उपस्थित प्रमुख गणमान्यों में पी.के. गुप्ता (अध्यक्ष, पीएफटीआई गुरुग्राम), कंवर पाल जून (महासचिव, पायनियर इंडस्ट्रियल एरिया बिलासपुर), विनोद अग्रवाल (संयुक्त सचिव, मानेसर इंडस्ट्रीज वेलफेयर एसोसिएशन), जगत पाल सिंह (स्ट्रेटेजिक एडवाइज़र – राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संबंध, पीएफटीआई), कल्याणी सचान, देवर्षी सचान, भावना रहेजा, मनकिरत सिंह एवं गौतम जून शामिल रहे।









